
रांची : राजधानी रांची के प्रमुख बाजारों और सार्वजनिक सुविधाओं को नया रूप देने की तैयारी शुरू हो गई है। रांची नगर निगम बोर्ड की बैठक में शहर के विकास से जुड़े कई बड़े प्रस्तावों को मंजूरी दी गई है। इनमें बकरी बाजार में मल्टीस्टोरी पार्किंग और मार्केट कॉम्प्लेक्स, न्यू मार्केट और डेली मार्केट के आधुनिकीकरण के साथ खादगढ़ा बस स्टैंड परिसर में थ्री स्टार होटल बनाने की योजना शामिल है।
इन परियोजनाओं से एक तरफ शहर के पुराने बाजारों को आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी, वहीं दूसरी ओर पार्किंग की समस्या कम करने की कोशिश होगी। खादगढ़ा बस स्टैंड को भी बेहतर सुविधाओं से लैस करने की योजना है। मेयर रोशनी खलखो ने कहा कि इन योजनाओं के पूरा होने के बाद शहर की तस्वीर बदलने के साथ लोगों को कई सुविधाएं एक ही जगह मिल सकेंगी।
निगम को निर्माण के लिए नहीं करना होगा भुगतान
नगर निगम के मुताबिक इन सभी प्रमुख परियोजनाओं का निर्माण नेशनल बिल्डिंग्स कंस्ट्रक्शन कॉरपोरेशन करेगा। इसके लिए निगम को निर्माण पर अपनी राशि खर्च नहीं करनी होगी। परियोजनाओं से होने वाली आय में से एक हिस्सा NBCC नगर निगम को देगा। बैठक में डिप्टी मेयर नीरज कुमार, राज्यसभा सदस्य महुआ माजी, नगर आयुक्त सुशांत गौरव और सभी 53 वार्डों के पार्षद मौजूद थे।
अब निगम कार्यालय जाने की जरूरत होगी कम
नगर निगम ने शहर में छह सर्किल ऑफिस शुरू करने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी है। ये कार्यालय बड़ा तालाब, पंडरा, बांधगाड़ी, धुर्वा और हटिया के अलग-अलग इलाकों में खोले जाएंगे। यहां लोग नगर निगम से जुड़े कामों के लिए आवेदन जमा कर सकेंगे। इससे छोटे-छोटे काम के लिए लोगों को निगम मुख्यालय जाने की परेशानी कम होगी।
टैक्स वसूली की जिम्मेदारी अब टैक्स कलेक्टरों की
होल्डिंग टैक्स और वाटर टैक्स की वसूली को व्यवस्थित करने के लिए टैक्स कलेक्टरों को जिम्मेदारी देने का फैसला हुआ है। जल्द ही सभी टैक्स कलेक्टरों के बीच इलाकावार जिम्मेदारी बांटी जाएगी।
इसके अलावा बिजली के पोल सड़क की ओर लगाए जाने से सड़क की चौड़ाई कम होने और जाम की समस्या को लेकर निगम बिजली विभाग से पत्राचार करेगा। निगम ने राज्य सरकार की ओर से चयनित एजेंसियों को सीधे काम देने के बजाय अपनी टेंडर प्रक्रिया से एजेंसी चुनने का भी निर्णय लिया है।
मीट दुकानों में शीशे का दरवाजा जरूरी
बैठक में कई अन्य फैसले भी लिए गए। पाइप लीकेज की मरम्मत का शुल्क 300 रुपये से बढ़ाकर 1000 रुपये कर दिया गया है। मीट और मुर्गे की दुकानों में शीशे का दरवाजा लगाना अनिवार्य किया गया है। बकरी बाजार स्थित निगम स्टोर को बिरसा मुंडा पार्क के पास शिफ्ट किया जाएगा।
वहीं, बहुमंजिली इमारतों में बने रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम की दोबारा जांच होगी। निगम को आशंका है कि कुछ भवनों में टैक्स में छूट लेने के लिए केवल कागजों पर या दिखावे के लिए रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम बनाया गया है। ऐसे भवनों की रैंडम जांच की जाएगी।
Read Also: Balen Shah India Visit : PM बालेन शाह की पहली विदेश यात्रा भारत की होगी, नेपाली वित्त मंत्री स्वर्णिम वागले ने दी जानकारी

