Home » Ranchi News : रांची में अपार्टमेंट गार्ड की संदिग्ध हालत में मौत, बाथरूम में फंदे से लटका मिला शव, जांच में जुटी पुलिस

Ranchi News : रांची में अपार्टमेंट गार्ड की संदिग्ध हालत में मौत, बाथरूम में फंदे से लटका मिला शव, जांच में जुटी पुलिस

Jharkhand Hindi News : पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर पुलिस आगे की कार्रवाई तय की जाएगी। प्रारंभिक तौर पर हत्या और आत्महत्या, दोनों ही पहलू सामने आ रहे हैं

by Rakesh Pandey
palamu murder
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची : झारखंड की राजधानी रांची में एक अपार्टमेंट गार्ड की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई है। डोरंडा थाना क्षेत्र के सुप्रभात अपार्टमेंट से बुधवार को पुलिस ने एक व्यक्ति का शव बरामद किया, जो अपार्टमेंट के बाथरूम में फांसी के फंदे से लटका हुआ पाया गया। प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या और हत्या, दोनों एंगल सामने आ रहे हैं।

मुंह में ठूंसा हुआ था कपड़ा

पुलिस ने बताया कि मृतक की पहचान सुप्रभात अपार्टमेंट में तैनात गार्ड प्रकाश लोहरा के रूप में की गई है। उसका शव बाथरूम में फंदे से लटका मिला, जबकि उसके मुंह में कपड़ा ठूंसा हुआ था। इस स्थिति ने पूरे मामले को और भी गंभीर बना दिया है। घटना की सूचना मिलते ही डोरंडा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच प्रक्रिया शुरू की।

मोबाइल वॉलपेपर पर मिला संदेश- “सॉरी पापा”

जांच के दौरान पुलिस को मृतक के मोबाइल फोन से एक अहम सुराग मिला है। बताया गया कि प्रकाश लोहरा के मोबाइल फोन के वॉलपेपर में “सॉरी पापा” लिखा हुआ संदेश पाया गया है। इस संदेश को पुलिस संभावित सुसाइड नोट के रूप में देख रही है। मोबाइल फोन को जब्त कर लिया गया है और उसकी तकनीकी जांच की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि यह संदेश कब और किन परिस्थितियों में लिखा गया था।

एफएसएल की टीम कर रही है जांच

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम को भी मौके पर बुलाया है। एफएसएल विशेषज्ञ बाथरूम, शव और आसपास के साक्ष्यों की बारीकी से जांच कर रहे हैं। पुलिस यह जानने की कोशिश कर रही है कि मौत के समय कोई बाहरी व्यक्ति वहां मौजूद था या नहीं और क्या घटनास्थल से किसी प्रकार की छेड़छाड़ के संकेत मिलते हैं।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर होगी आगे की कार्रवाई

डोरंडा थाना प्रभारी दीपिका ने बताया कि पूरे मामले की निष्पक्ष और गहन जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी। फिलहाल पुलिस हत्या और आत्महत्या, दोनों ही पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

मानसिक दबाव के एंगल पर भी हो रही जांच

पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि मृतक किसी मानसिक तनाव में था या उसके साथ किसी प्रकार का विवाद या दबाव था। इसके लिए अपार्टमेंट के अन्य कर्मचारियों और आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।

Read Also- Hazaribagh JP Jail Escape : टेंट के कपड़े से बनाई रस्सी, उसी के सहारे जेपी कारा से फरार हो गए उम्रकैद के 3 कैदी, जेल प्रशासन के हाथ-पैर फूले

Related Articles