RANCHI: रविवार को सामाजिक संस्था मुक्ति ने पूरे धार्मिक विधि-विधान और वैदिक रीति-रिवाजों के साथ 36 अज्ञात शवों का अंतिम संस्कार जुमार नदी तट पर कराया। समाज और परिवार से बिछड़ चुके इन शवों को संस्था के सदस्यों ने अपना मानकर सम्मानपूर्वक अंतिम विदाई दी। जानकारी के अनुसार रविवार सुबह मुक्ति संस्था के सदस्य रिम्स (RIMS) के मोर्चरी पहुंचे। वहां रखे गए 36 अज्ञात शवों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत बाहर निकालकर सुरक्षित रूप से जुमार नदी तट तक ले जाया गया। इसके बाद वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक परंपराओं के अनुसार सभी शवों का अंतिम संस्कार किया गया।
संस्था के अध्यक्ष प्रवीण लोहिया ने बताया कि मुक्ति संस्था वर्षों से इस सेवा कार्य में जुटी हुई है। उन्होंने कहा कि अब तक संस्था द्वारा 2189 अज्ञात शवों का सम्मानजनक अंतिम संस्कार किया जा चुका है। उनका कहना है कि हर व्यक्ति को मृत्यु के बाद सम्मानपूर्वक विदाई मिलनी चाहिए, चाहे उसकी पहचान हो या नहीं। संस्था का यह प्रयास समाज में मानवता, करुणा और सेवा भावना का अनूठा उदाहरण बन गया है।

