RANCHI : नगर पालिका आम निर्वाचन 2026 की मतगणना को लेकर जिला प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। मतगणना प्रक्रिया 27 फरवरी को सुबह 8 बजे से शुरू होगी। जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगर पालिका) सह उपायुक्त मंजुनाथ भजन्त्री ने देर रात मतगणना स्थल और अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पूरी प्रक्रिया राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ संपन्न कराई जाएगी।
मतगणना ट्रांसपोर्ट नगर स्थित सुकरहुटू कांके के मतगणना-सह-वज्रगृह केंद्र में होगी। जिला प्रशासन ने मतगणना के लिए सुरक्षा, सीसीटीवी निगरानी, मीडिया कक्ष और कंट्रोल रूम सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर ली हैं। मतगणना हॉल की तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया गया है।
प्रशासन की ओर से प्रत्याशियों के एजेंटों के लिए विशेष दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। मतगणना स्थल में प्रवेश के लिए रिटर्निंग अधिकारी द्वारा जारी पहचान पत्र अनिवार्य होगा। इसके साथ ही एजेंटों को फोटोयुक्त पहचान पत्र भी साथ रखना होगा। मतगणना स्थल के अंदर मोबाइल फोन या किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाना पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। मतगणना को लेकर पूरे शहर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। मतगणना स्थल पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल और दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है तथा प्रशासन 24 घंटे निगरानी रखेगा।
मतगणना केंद्र के 500 गज की परिधि में निषेधाज्ञा
वहीं, अनुमंडल दंडाधिकारी सदर द्वारा भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा लागू की गई है। 26 फरवरी की मध्य रात्रि से मतगणना समाप्ति तक मतगणना केंद्र के 500 गज की परिधि में अनावश्यक भीड़, ध्वनि विस्तारक यंत्र, अनधिकृत फोटोग्राफी तथा इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के उपयोग पर रोक रहेगी। इसके अलावा बिना अनुमति वाहनों के प्रवेश पर भी प्रतिबंध रहेगा।

