रांची : झारखंड में पंचायती राज व्यवस्था को अधिक प्रभावी और सशक्त बनाने की दिशा में मंगलवार को राजधानी रांची में महत्वपूर्ण ‘स्टेट राउंड टेबल कॉन्फ्रेंस’ आयोजित की जाएगी। इस सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य विशेषकर अनुसूचित क्षेत्रों में स्वशासन की व्यवस्था को मजबूत करना और पंचायतों की भूमिका को और व्यापक बनाना है।
कार्यक्रम का आयोजन पंचायती राज विभाग की ओर से किया जा रहा है। सम्मेलन की अध्यक्षता राज्य की ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री दीपिका पांडेय सिंह करेंगी। इस दौरान पंचायती राज संस्थाओं को अधिक अधिकार देने, वित्तीय सशक्तीकरण, योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन और जमीनी स्तर पर प्रशासनिक दक्षता बढ़ाने जैसे अहम मुद्दों पर विचार-विमर्श होने की संभावना है।
बताया जा रहा है कि सम्मेलन में विभागीय अधिकारियों, विशेषज्ञों और संबंधित हितधारकों के बीच संवाद के जरिए पंचायत व्यवस्था में सुधार के ठोस उपायों पर चर्चा की जाएगी। अनुसूचित क्षेत्रों में ग्राम सभाओं की भूमिका, स्थानीय संसाधनों के प्रबंधन और पारदर्शिता बढ़ाने जैसे विषय भी एजेंडे में शामिल रह सकते हैं।
बैठक रांची स्टेशन रोड स्थित होटल बीएनआर में आयोजित होगी। यह सम्मेलन राज्य में पंचायती राज संस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ एवं जवाबदेह बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
Read Also : RANCHI NEWS : पाइपलाइन बिछाने के लिए खोदे गए गड्ढे में काम कर रहा था युवक, मिट्टी धंसने से हुई मौत

