
चाईबासा : पश्चिम सिंहभूम जिला शतरंज संघ के तत्वावधान में आयोजित द्वितीय रुंगटा सीमेंट इंटरनेशनल ओपन फीडे रेटिंग शतरंज प्रतियोगिता का समापन शनिवार को खिरवाल बैंक्विट हॉल में हुआ। समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में उप विकास आयुक्त उत्कर्ष कुमार मौजूद रहे। साथ ही संघ के संरक्षक नितिन प्रकाश, दीपेंद्र प्रसाद साव, डॉ विजय मुंद्रा, पवन खिरवाल और जिला शतरंज संघ के अध्यक्ष मुकुंद रुंगटा भी उपस्थित थे।
संघ के अध्यक्ष मुकुंद रुंगटा ने स्वागत भाषण में सभी अतिथियों और बाहर से आए खिलाड़ियों का आभार जताया। महासचिव बसंत खंडेलवाल ने बताया कि नौ चक्र में कुल 1673 मुकाबले खेले गए। प्रतियोगिता में 79 महिला खिलाड़ी और 241 अंतरराष्ट्रीय रेटेड खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। उप विकास आयुक्त ने खिलाड़ियों को बधाई दी और बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित किया।
नौ चक्र के बाद बंगाल के अर्पण दास 8 अंक के साथ विजेता बने। उन्हें एक लाख रुपये नकद और ट्रॉफी दी गई। 8 अंक के साथ ही अंतरराष्ट्रीय मास्टर आराध्या गर्ग दूसरे स्थान पर रहे, उन्हें 60 हजार रुपये और ट्रॉफी मिली। तीसरे स्थान पर फीडे मास्टर हर्षित रंजन साहू 8.5 अंक के साथ रहे, उन्हें 40 हजार रुपये और ट्रॉफी दी गई।
चौथे से दसवें स्थान पर ऋत्विक चक्रवर्ती, ऋषण देवनाथ, सृजन शाह, एस धनंजय, सोमालिया मोंडल, गगन साहू और अनुस्तूप विश्वास रहे।
बिलो 1800 कैटेगरी में बंगाल के अरिजीत घोष, यूपी के श्रेयस मिश्रा और बंगाल के अनिर्बान बासु क्रमशः प्रथम, द्वितीय और तृतीय रहे। बिलो 1600 में सूचित मंडल, देराज कुमार और अदृज पॉल, जबकि बेस्ट अनरेटेड में अभिरूप चंद्र, तपोभ्रत गोराई और संबित साहू पहले तीन स्थान पर रहे। बेस्ट वुमन में श्रावेसरी भीमरसेटी, अनुष्का गुप्ता और राजन्य मोंडल को पुरस्कार मिला। बेस्ट वेटरन में केके चैटर्जी, वाईपी श्रीवास्तव और उमेश साव तथा बेस्ट दिव्यांग में रूपम मुखर्जी, निशान मोंडल और कनिष्क साहू विजेता रहे। पश्चिम सिंहभूम कैटेगरी में मनीष शर्मा प्रथम, राजेश कुमार द्वितीय और कमल किशोर देवनाथ तृतीय रहे।
कार्यक्रम का संचालन महासचिव बसंत खंडेलवाल ने और धन्यवाद ज्ञापन उपाध्यक्ष जहांगीर आलम ने किया।

