सरायकेला : सरायकेला-खरसावां जिले के उपायुक्त रविशंकर शुक्ला के निर्देश पर शनिवार को अवैध बालू उत्खनन के खिलाफ खनन विभाग, अंचल कार्यालय और पुलिस विभाग की ओर से संयुक्त छापेमारी अभियान चलाया गया। इस कार्रवाई के दौरान नदी घाट से छह वाहन जब्त किए गए। इसमें दो छोटे मालवाहक तथा चार ट्रैक्टर शामिल हैं। इन वाहनों में से कुछ पर बालू लदा हुआ था। यह कार्रवाई चांडिल क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले विभिन्न बालू घाटों पर की गई। कार्रवाई के दौरान जिला खनन पदाधिकारी ज्योति शंकर सतपति, चांडिल सीओ अमित श्रीवास्तव तथा चांडिल थाना प्रभारी मौजूद रहे। अवैध रूप से पकड़े गए वाहनों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जा रही है। अवैध बालू के उठाव में लगे खनन माफियाओं के खिलाफ एफआईआर की जा रही है।

जगह-जगह बनाए जा रहे चेकपोस्ट
अवैध खनन पर पूरी तरह से रोक लगाने के लिए जगह-जगह चेकपोस्ट का निर्माण कराया जा रहा है। इन चेकपोस्ट के जरिए खनन माफियाओं की गतिविधियों पर सख्ती से रोक लगाई जा सकेगी।

सीसीटीवी कैमरों से होगी निगरानी

खनन विभाग की ओर से उपायुक्त के निर्देश पर इन तमाम चेकपोस्ट और इसके आसपास के इलाकों में सीसीटीवी कैमरे भी लगाए जा रहे हैं। ईचागढ़ इलाके में सीसीटीवी लगाने और चेकनाका बनाने का काम लगभग पूरा कर लिया गया है। बताया जा रहा है कि सीसीटीवी कैमरे से खनिज संपदा की निगरानी करने वाला सरायकेला-खरसावां जिला राज्य का पहला जिला होगा। उपायुक्त रविशंकर शुक्ला ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि सीसीटीवी कैमरे हर हाल में 24 घंटे सक्रिय रखे जाएंगे। इसकी मॉनिटरिंग जिला स्तर से की जाएगी।

