Palamu : पलामू में बुधवार की शाम आई तेज आंधी और तूफान एक परिवार के लिए काल बन गई। हैदरनगर हाई स्कूल-सिबला रोड स्थित मरघटिया मार्ग पर पीपल का विशाल पेड़ अचानक गिरने से बाइक सवार दो लोग उसकी चपेट में आ गए। हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।
मृतक औरंगाबाद जिले के बड़ेम थाना क्षेत्र के तिवारीडीह निवासी 50 वर्षीय कामदेव चंद्रवंशी है। वहीं घायल अनिल चंद्रवंशी (45) रामबांध धोबियाडीह टोला निवासी हैं, जो मृतक के ही परिजन हैं।
गौरतलब है कि कामदेव चंद्रवंशी एक शादी समारोह में शामिल होने हैदरनगर के रामबांध धोबियाडीह टोला आए थे। इसी दौरान उनकी तबीयत खराब हो गई। परिजन अनिल चंद्रवंशी उन्हें बाइक से इलाज कराने ले गए थे। इलाज के बाद दोनों वापस लौट रहे थे। इसी बीच तेज आंधी-तूफान के दौरान मरघटिया रोड पर पीपल का विशाल पेड़ अचानक उनकी बाइक पर गिर पड़ा।
पेड़ गिरते ही दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के ग्रामीणों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और दोनों को निजी वाहन से जपला अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया। वहां डाक्टरों ने कामदेव चंद्रवंशी को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल अनिल चंद्रवंशी की हालत नाजुक है। उन्हें बेहतर इलाज के लिए मेदिनीनगर स्थित एमएमसीएच रेफर कर दिया गया है।
घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है। अचानक आए तूफान और इस दर्दनाक हादसे ने लोगों को झकझोर कर रख दिया।
Read Also: Palamu News: बिजली की समस्या समाधान के लिए बनेगा व्हाट्सएप ग्रुप, पलामू प्रशासन की नई पहल

