Home » Leopard In TATA Nagar: टाटानगर रेल यार्ड के पास तेंदुआ दिखने से हड़कंप, वायरल वीडियो के बाद रेलवे और वन विभाग से रेस्क्यू की मांग

Leopard In TATA Nagar: टाटानगर रेल यार्ड के पास तेंदुआ दिखने से हड़कंप, वायरल वीडियो के बाद रेलवे और वन विभाग से रेस्क्यू की मांग

यह इलाका रेलवे संचालन के लिहाज से काफी संवेदनशील माना जाता है, जहां दिन-रात रेल कर्मचारियों की आवाजाही और शंटिंग का काम चलता रहता है।

by Mujtaba Haider Rizvi
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Jamshedpur : जमशेदपुर के टाटानगर रेलवे यार्ड इलाके में मंगलवार शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब यहां कथित तौर पर एक तेंदुआ देखे जाने की खबर सामने आई। घटना से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया और व्हाट्सएप ग्रुप्स में तेजी से वायरल हो रहा है। हालांकि वायरल वीडियो की आधिकारिक पुष्टि अब तक नहीं हो सकी है।बताया जा रहा है कि वीडियो में टाटानगर यार्ड के झाड़ियों वाले हिस्से के आसपास एक तेंदुआ घूमता दिखाई दे रहा है।

यह इलाका रेलवे संचालन के लिहाज से काफी संवेदनशील माना जाता है, जहां दिन-रात रेल कर्मचारियों की आवाजाही और शंटिंग का काम चलता रहता है। ऐसे में जंगली जानवर की मौजूदगी से रेलकर्मियों और स्थानीय लोगों में डर का माहौल बन गया है।वायरल वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय लोगों और रेल यात्रियों ने रेलवे प्रशासन तथा वन विभाग से तत्काल कार्रवाई की मांग की है। लोगों ने चक्रधरपुर रेल मंडल, दक्षिण पूर्व रेलवे और झारखंड वन विभाग से समन्वय बनाकर जल्द रेस्क्यू ऑपरेशन चलाने की अपील की है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को टाला जा सके।

‘टाटानगर की रेल यूजर्स’ नामक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से भी इस मामले को लेकर एक्स पर पोस्ट किया गया, जिसमें रेलवे सुरक्षा बल और वन विभाग के अधिकारियों को टैग कर यार्ड क्षेत्र में त्वरित जांच और रेस्क्यू की मांग उठाई गई। मामले को गंभीरता से लेते हुए दक्षिण पूर्व रेलवे के आरपीएफ ने भी त्वरित संज्ञान लिया है। आरपीएफ के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल से चक्रधरपुर मंडल आरपीएफ को मामले की जांच करने और आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।

इसके बाद यार्ड क्षेत्र में गश्त और सर्च अभियान तेज किए जाने की संभावना जताई जा रही है। फिलहाल रेलवे प्रशासन और वन विभाग की ओर से तेंदुए की आधिकारिक पुष्टि का इंतजार किया जा रहा है। वहीं लोगों से अपील की गई है कि वे रात के समय रेलवे ट्रैक और झाड़ियों वाले इलाकों में अकेले जाने से बचें। यदि किसी को तेंदुआ दिखाई देता है तो उसे छेड़ने की बजाय तुरंत प्रशासन या वन विभाग को सूचना दें।

Related Articles