समस्तीपुर : बिहार के समस्तीपुर जिले के दलसिंहसराय थाना क्षेत्र के लोकनाथपुर गंज में 8 अप्रैल 2025 की रात गोलीबारी की घटना ने इलाके में सनसनी मचा दी। बेखौफ अपराधियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर तीन लोगों को गंभीर रूप से घायल कर दिया। इस घटना में एक युवक को सिर में गोली लगी, जबकि एक 12 वर्षीय बच्चे को सीने में गोली मारी गई। एक महिला भी इस गोलीबारी में जख्मी हुई।
घायल व्यक्ति और बच्चे की स्थिति गंभीर
घायल व्यक्तियों में सौरभ सुमन उर्फ सम्राट (24 वर्ष) को सिर में गोली लगी, जबकि बालकृष्ण पासवान (12 वर्ष) को सीने में गोली लगी। इसके अतिरिक्त, शीला देवी (40 वर्ष) भी गोलीबारी में गंभीर रूप से घायल हुई हैं। तीनों का इलाज समस्तीपुर के विभिन्न अस्पतालों में चल रहा है।
पहुंची पुलिस की टीम, जांच शुरू
घटना के बाद पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियों की टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। समस्तीपुर के पुलिस कप्तान अशोक मिश्रा ने एक बयान में बताया कि घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय पुलिस, डीआईयू और एफएसएल की टीम घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। उन्होंने बताया कि घटना की वजह का अभी तक पता नहीं चल पाया है, लेकिन पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।
अपराधियों की हुई पहचान
पुलिस सूत्रों के अनुसार, गोलीबारी में शामिल अपराधियों की पहचान हो चुकी है। हालांकि, पूरी जानकारी पुलिस जांच के बाद ही सामने आ पाएगी। पुलिस ने अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी दलसिंहसराय के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की है, जो मामले की जांच कर रही है।

