नई दिल्ली: IND vs SL : श्रीलंका क्रिकेट टीम ने दूसरे वनडे मैच में भारतीय क्रिकेट टीम को 32 रन से हराते हुए सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल की। रविवार को कोलंबो में खेले गए मैच में मेजबान टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 50 ओवर के बाद 240/9 का स्कोर बनाया। जवाब में मेहमान टीम कप्तान रोहित शर्मा की पारी (64) के बावजूद लक्ष्य हासिल नहीं कर सकी और पूरी भारतीय टीम 42.2 ओवर में केवल 208 रन पर ही ऑल आउट हो गई। श्रीलंका के लिए जैफरी वैंडरसन (Jeffery Vandersan) सबसे प्रभावी गेंदबाज साबित हुए, जिन्होंने कुल 6 विकेट लिया।

IND vs SL : रोहित व गिल ने दी सधी शुरुआत लेकिन मध्य क्रम हुआ फेल:
भारतीय टीम के लिए एक बार फिर से कप्तान रोहित शर्मा और शुभमन गिल ने दमदार शुरुआत की थी। दोनों के बीच पहले विकेट के लिए 97 रनों की साझेदारी हुई थी। कप्तान रोहित शर्मा ने इस मैच में 44 गेंद में 64 रनों की दमदार पारी खेली थी। अपनी इस बल्लेबाजी में रोहित ने 5 चौके और 4 छक्के भी लगाए। वहीं शुभमन गिल ने 35 रनों का योगदान दिया था। रोहित और शुभमन के बाद सिर्फ अक्षर पेटल ही एक ऐसे बल्लेबाज रहे जिन्होंने भारत के लिए कुछ समय के लिए उम्मीद को बरकरार रखा। पटेल ने 44 रनों का योगदान दिया। टीम इंडिया का मिडिल ऑर्डर पूरी तरह से धराशाई हो गया। विराट कोहली (14) समेत शिवम दुबे (0), श्रेयस अय्यर (7), केएल राहुल (0) और वाशिंगटन सुंदर (15) रन बनाने के लिए संघर्ष करते नजर आए।
IND vs SL : 3 साल बाद श्रीलंका से हारा भारत
श्रीलंका ने किसी वनडे मैच में भारत पर आखिरी जीत जुलाई 2021 में हासिल की थी। श्रीलंका ने उस समय टीम इंडिया को 3 विकेट से हराया था। वहीं इस बार भारत को 32 रनों से करारी शिकस्त झेलनी पड़ी है। इसके अलावा सीरीज की बात करें तो श्रीलंका ने किसी वनडे सीरीज में टीम इंडिया को आखिरी बार 1997 में हराया था। यदि इस सीरीज का आखिरी मैच भी श्रीलंका जीत लेती है तो उसे 27 साल बाद भारत के खिलाफ किसी वनडे सीरीज में जीत नसीब होगी।

