पटना। बिहार में एक बार फिर मंत्रियों व नेताओं की सुरक्षा की श्रेणियां बढ़ाई गई हैं। नीतीश सरकार ने सत्ताधारी दल के कई प्रमुख नेताओं की सुरक्षा को बढ़ाने का निर्णय लिया है। गृह विभाग ने बिहार विधानसभा के अध्यक्ष, विभिन्न मंत्रियों, सांसदों और विधान पार्षदों को वाई प्लस और वाई श्रेणी की सुरक्षा प्रदान करने के लिए आदेश जारी किया है।

राज्य सुरक्षा समिति की बैठक में लिया गया निर्णय
सुरक्षा बढ़ाने संबंधी यह निर्णय राज्य सुरक्षा समिति की बैठक में लिया गया है। इसमें प्रमुख नेताओं को वाई श्रेणी की सुरक्षा दी गई है। इसके तहत बिहार विधानसभा के अध्यक्ष नंद किशोर यादव और लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग के मंत्री नीरज कुमार सिंह को Y+ श्रेणी की सुरक्षा प्रदान की गई है। इसके अलावा, अररिया लोकसभा क्षेत्र के सांसद प्रदीप कुमार सिंह और बिहार विधान परिषद् के सदस्य संजय कुमार सिंह को Y श्रेणी की सुरक्षा मिली है।
नेताओं के बीच सुरक्षा की होड़
बिहार की नीतीश सरकार ने इससे पहले भी कई सत्ताधारी नेताओं की सुरक्षा बढ़ाई थी। इनमें जेडीयू के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा को Z श्रेणी, मंत्री लेसी सिंह को Z श्रेणी, और हम के विधायक अनिल कुमार को Y श्रेणी की सुरक्षा दी गई थी। भाजपा के कई नेताओं, जैसे कि विधायक तारकिशोर प्रसाद और रास सांसद उपेन्द्र कुशवाहा, को भी वीआईपी सुरक्षा मिली हुई है। इस प्रकार, सत्ताधारी नेताओं के बीच सुरक्षा को लेकर एक प्रकार से होड़ देखी जा रही है। यह होड़ राज्य में राजनीतिक हलचलों के साथ जुड़ी बताई जा रही है।

