खूंटी : झारखंड के खूंटी जिले में अड़की थाना पुलिस ने चोरी की चार बाइक के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों में अड़की के हितडीह गांव के दिनेश मुंडा और तमाड़ थाना क्षेत्र के बबइकुरी गांव के परेश मुंडा शामिल हैं।
बाइक चोरी की घटना
पुलिस ने जानकारी दी कि 27 दिसंबर को अड़की से एक बाइक की चोरी की घटना सामने आई थी, जबकि 31 दिसंबर को सोसोकुटी मेला से तीन अन्य बाइक चुराई गई थीं। इन घटनाओं को लेकर अड़की थाना में मामले दर्ज किए गए थे। पुलिस ने जब जांच शुरू की और चेकिंग अभियान चलाया, तो चोरी की बाइक के साथ आरोपियों को पकड़ लिया गया।
आरोपियों ने कबूला जुर्म
गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में दोनों आरोपियों ने बाइक चोरी में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। उन्होंने बताया कि सोसोकुटी मेला से भी उन्होंने ही तीन मोटरसाइकिलों की चोरी की थी। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने हितडीह केनाल रोड के किनारे से तीन और चोरी की बाइक बरामद की।
पुलिस की मेहनत रंग लायी
इस सफलता के पीछे अड़की थाना प्रभारी मुकेश कुमार यादव, सब इंस्पेक्टर रोशन कुमार, कुंदन कुमार और प्रवीण कुमार के साथ हवलदार संतोष कुमार, मिलियानुस़ बाखला, आरक्षी प्रवीण बागे और जॉन आईंद की कड़ी मेहनत रही। इनकी टीम ने चोरी की बाइक बरामद करने और आरोपियों को गिरफ्तार करने में अहम भूमिका निभाई।
Read Also: Tamil Nadu Fireworks Factory Explosion : तमिलनाडु के पटाखा कारखाने में विस्फोट, छह श्रमिकों की मौत

