जमशेदपुर : भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती को जिले भर में पूरे उत्साह, श्रद्धा और सामाजिक संदेशों के साथ मनाया गया। छोटा गोविदपुर स्थित जिला पार्षद कार्यालय में आयोजित मुख्य समारोह में कई सामाजिक कार्यकर्ता, नेता और आम नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन विजय कुमार ने किया। उन्होंने कहा, “बाबा साहेब ने हमारे संविधान के माध्यम से समाज के गरीब, शोषित और वंचित वर्ग को मुख्यधारा में शामिल करने का मार्ग प्रशस्त किया।”समाजसेवी राजकुमार पासवान ने कहा कि “बाबा साहेब किसी एक जाति के नहीं, बल्कि पूरे भारत और विश्व के सर्वमान्य नेता हैं। उन्हें सीमित करके देखना उनका अपमान है।”
संतोष यादव ने नशा मुक्ति का संदेश दिया, वहीं युवा नेता राजभान सिंह ने शिक्षा को हर वर्ग के लिए अनिवार्य बनाने की आवश्यकता बताई। सीताराम पासवान ने बाबा साहेब के बताए रास्ते पर चलने और हर वर्ष इस जयंती को बड़े स्तर पर मनाने का संकल्प लिया।कार्यक्रम में संजय सिंह, रामबालक पासवान, विजय यादव, विकास यादव, दिवाकर, राजबान, राजू पात्रों, गोविंद जोड़ा समेत बड़ी संख्या में लोग शामिल रहे।
श्रद्धांजलि समारोह व रैलियों का आयोजन
साकची समेत विभिन्न इलाकों भी डॉ. अंबेडकर जयंती बड़े ही हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। साकची के पुराना कोर्ट परिसर में स्थित डॉ. अंबेडकर की प्रतिमा पर विभिन्न राजनीतिक दलों भाजपा, कांग्रेस, झारखंड मुक्ति मोर्चा, झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा आदि के नेताओं ने माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी और उनके विचारों पर चलने का संकल्प लिया। भालूबासा में आयोजित कार्यक्रम में बाबा साहेब के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धा-सुमन अर्पित किए गए। वहीं, बारीडीह से एक रैली निकाली गई। दलित समाज की तरफ से निकाली गई यह रैली बारीडीह गोलचक्कर से निकल कर साकची गोलचक्कर तक पहुंची। वहां नुक्कड़ सभा का आयोजन हुआ, जिसमें आम लोगों को बाबा साहेब के विचारों और योगदान के बारे में जागरूक किया गया।
Read also Dumka Double Murder: चाकू से गोदकर दंपती को मार डाला

