रांची: रिम्स रांची में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल हुआ है। राज्य सरकार ने रिम्स निदेशक डॉ राज कुमार को तत्काल प्रभाव से पद से हटा दिया है। वहीं रिम्स की डीन एकेडमिक डॉ. शशि बाला सिंह को संस्थान का अंतरिम प्रभारी निदेशक नियुक्त किया गया है। उनकी नियुक्ति की अधिसूचना भी राज्य सरकार द्वारा जारी कर दी गई है। निदेशक पद की जिम्मेदारी संभालने के बाद डॉ शशि बाला सिंह ने आभार संदेश जारी करते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, स्वास्थ्य मंत्री डॉ इरफान अंसारी और अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह के प्रति आभार प्रकट किया।
नई ऊंचाई को छुए संस्थान
उन्होंने लिखा है कि जो विश्वास और उत्तरदायित्व मुझे सौंपा गया है, उसे मैं पूर्ण निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण भाव से निभाऊंगी। रिम्स की व्यवस्था को सुदृढ़, पारदर्शी और जनहितकारी बनाने के लिए हर संभव प्रयास करूंगी, ताकि यह संस्थान चिकित्सा सेवा के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छू सके।
हटाए गए डायरेक्टर डॉ राजकुमार
देर रात जारी अधिसूचना में बताया गया है कि डॉ राज कुमार का कार्यकाल असंतोषजनक पाया गया और उन्होंने मंत्रिपरिषद, शासी परिषद व विभाग के निर्देशों का पालन नहीं किया। इसके साथ ही, रिम्स अधिनियम, 2002 के उद्देश्यों को पूरा करने में भी उनकी भूमिका संतोषजनक नहीं रही। राज्य सरकार ने रिम्स नियमावली, 2002 के नियम 9(vi) के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें तीन माह का वेतन एवं भत्ते प्रदान कर तत्काल प्रभाव से हटाने का निर्णय लिया, जिस पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का अनुमोदन प्राप्त है। डॉ राज कुमार को 31 जनवरी 2024 को अधिसूचना संख्या 264/रिम्स के तहत तीन वर्षों के लिए निदेशक नियुक्त किया गया था। वे संजय गांधी पोस्टग्रेजुएट इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज, लखनऊ के न्यूरो सर्जरी विभाग में प्राध्यापक के पद पर कार्यरत थे।
READ ALSO : बिहार की जेल में विचित्र घटना: विचाराधीन कैदी ने निगले पत्थर के टुकड़े, हालत गंभीर

