Home » Jamshedpur Drowning : डिमना लेक में डूबे दो छात्रों की मौत, शव बरामद

Jamshedpur Drowning : डिमना लेक में डूबे दो छात्रों की मौत, शव बरामद

by Mujtaba Haider Rizvi
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम जिले के बोड़ाम थाना क्षेत्र अंतर्गत डिमना लेक में नहाने के दौरान डूबे दो छात्रों का शव मंगलवार को बरामद कर लिया गया। मृतकों में मानगो निवासी 15 वर्षीय प्रतीक रजक और रामकृष्णा कॉलोनी निवासी 17 वर्षीय नितिन गोराई शामिल हैं। घटना सोमवार देर शाम की है, जब दोनों छात्र अपने चार दोस्तों के साथ डिमना लेक नहाने पहुंचे थे। इसी दौरान पानी की गहराई के कारण दोनों छात्र डूब गए।

प्रतीक रजक का शव मंगलवार सुबह करीब 10:45 बजे सोनारी दोमुहानी से पहुंची गोताखोरों की टीम ने लेक के घाट से लगभग 60 फीट दूर और 25 फीट गहराई से निकाला। शव मिलते ही प्रतीक के परिजनों में कोहराम मच गया। प्रतीक के पिता जयंत रजक पटमदा के बांगुड़दा स्थित आदिवासी प्लस टू हाई स्कूल में शिक्षक हैं और मूल रूप से पटमदा के बांगुड़दा गांव के निवासी हैं। वर्तमान में पूरा परिवार डिमना में निवास करता है। दूसरी ओर, चांडिल पॉलिटेक्निक कॉलेज में पढ़ाई कर रहा नितिन गोराई का शव मंगलवार दोपहर करीब 12:45 बजे बरामद हुआ। नितिन के पिता शिबू गोराई मानगो में चाय की दुकान चलाते हैं, जबकि उसका पालन-पोषण ईचागढ़ निवासी मामा मंटू गोराई ने किया था। नितिन के शव की बरामदगी के बाद उसके परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

इस मौके पर पटमदा डीएसपी वचन देव कुजूर, बोड़ाम थाना प्रभारी मनोरंजन कुमार, पुअनि शिवशंकर भगत, पंचायत मुखिया हरिपद किस्कू, शिक्षक चैतन मुर्मू समेत कई स्थानीय लोग व प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। घटना के बाद से पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।

Read also- Jamshedpur Crime: हरहरगुट्टू के मुखिया की हत्या के लिए युवक ने खरीदी थी पिस्टल, विक्रेता संग गिरफ्तार

Related Articles