धनबाद : झारखंड के धनबाद जिला अंतर्गत मैथन ओपी क्षेत्र स्थित डीवीसी के आटिशन ब्लॉक में बीती रात चोरी की एक बड़ी घटना सामने आई है। चोरों ने इलाके के चार बंद आवासों को निशाना बनाया, जिनमें से व्यवसायी राहुल यादव के घर से करीब चार लाख रुपये मूल्य के आभूषण चोरी कर लिए। चोरी की यह वारदात उस समय हुई, जब राहुल यादव अपने पिता के श्राद्धकर्म में शामिल होने के लिए बिहार के बिहिया गए हुए थे।
चोरों ने चार घरों के ताले तोड़े, एक में मिली बड़ी कामयाबी
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, बुधवार को देर रात चोरों ने डीवीसी कॉलोनी के चार बंद मकानों के ताले तोड़ने का प्रयास किया। इनमें से तीन घरों में उन्हें कुछ खास नहीं मिला, लेकिन राहुल यादव के घर से वे सोने और चांदी के बहुमूल्य आभूषण लेकर फरार हो गए।
चोरी गए गहनों की सूची
राहुल यादव ने फोन पर जानकारी देते हुए बताया कि जब वह गुरुवार सुबह मैथन लौट रहे थे, तब स्थानीय लोगों ने फोन पर सूचित किया कि उनके घर का ताला टूटा हुआ है और कमरों का सारा सामान बिखरा पड़ा है। उन्होंने बताया कि चोर अलमारी और बक्से का ताला तोड़कर निम्नलिखित आभूषण चोरी कर ले गए:
सोने की कनबाली (मां की)
सोने की एक चेन
चांदी का कमरबंद
दो जोड़ी पायल
पत्नी की दो जोड़ी कनबाली
अंगूठी, झुमका, मंगटीका
कुल मिलाकर चोरी की गई संपत्ति की अनुमानित कीमत लगभग ₹4 लाख बताई गई है।

