पटना: मशहूर शिक्षक खान सर अपने डायलॉग औऱ अपनी शादी से जितनी चर्चा में आए उतनी ही चर्चा में उनका एक स्टूडेंट भी आ गया है। पढ़ाई की वजह से नहीं बल्कि अपनी डाइट की वजह से है। खान सर ने अपनी शादी के बाद छात्रों के लिए रिसेप्शन पार्टी आयोजित की थीं। इस पार्टी में नीट की तैयारी कर रहे 16 साल के छात्र प्रियंरजन ने सभी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है। मधुबनी जिले के रहने वाले प्रियंरजन ने अपनी डाइट से सबको हैरान कर दिया है।

25 मछली का मुड़ा, 30 लेग पीस और 60 रोटियों का दम
खान सर की रिसेप्शन पार्टी में पहुंचे प्रियंरजन ने खुलासा किया कि वह एक साथ 35 से 40 मछली का मुड़ा, 30 चिकन लेग पीस और 60-70 रोटियां आराम से खा सकते हैं। जब उनसे पूछा गया कि अब तक क्या-क्या खाया है तो उन्होंने कहा, 25 मछली का मुड़ा, 30 लेग पीस तो वह खा चुके हैं, और रोटियों का अंदाजा तो अब तक लगाया ही नहीं है।
छात्रों के लिए आयोजित विशेष रिसेप्शन पार्टी
खान सर अपनी शादी के बाद छात्रों के लिए विशेष रिसेप्शन पार्टी आयोजित कर रहे हैं। यह उनकी तीसरी रिसेप्शन पार्टी है, जो खासतौर से नीट की तैयारी कर रहे छात्रों के लिए आयोजित की गई थी। इससे पहले वह लड़कियों और अन्य छात्रों के लिए अलग-अलग रिसेप्शन आयोजित कर चुके हैं।
156 व्यंजनों का लुत्फ
तीसरी रिसेप्शन में खान सर ने छात्रों के लिए 156 प्रकार के व्यंजन बनवाए थे। उन्होंने यह भी साझा किया कि वह कुल 50,000 छात्रों को भोज कराने का इरादा रखते हैं, क्योंकि उन्हीं छात्रों के सहारे वे आज इस मुकाम तक पहुंचे हैं। खान सर का कहना है कि आज जो वह हैं, वह छात्रों की बदौलत ही हैं और छात्र ही उनके लिए सबसे बड़े वीवीआईपी हैं।

