कोलकाता : भारतीय क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी की अलग रह रही पत्नी हसीन जहां एक बार फिर विवादों में घिर गई हैं। पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले के सूरी टाउन में हसीन जहां और उसकी बेटी अर्शी जहां के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया गया है।
पड़ोसी ने लगाया हमला करने का आरोप
जानकारी के अनुसार, एक महिला पड़ोसी डालिया खातून ने आरोप लगाया है कि हसीन जहां और उसकी बेटी ने विवादित जमीन पर कब्जा करने के प्रयास के दौरान उनके साथ मारपीट की। घटना का वीडियो NCMIndiaa द्वारा सोशल मीडिया पर साझा किया गया है। वीडियो में हसीन जहां को पड़ोसियों से झगड़ते हुए देखा जा सकता है, हालांकि The Photon News इस वीडियो की पुष्टि नहीं करता।
BNS की गंभीर धाराओं में दर्ज हुआ मामला
इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है। रिपोर्ट के अनुसार, विवाद सूरी के वार्ड नंबर 5 में स्थित एक प्लॉट पर निर्माण कार्य को लेकर शुरू हुआ, जिसे कथित रूप से हसीन जहां की बेटी अर्शी जहां के नाम पर बताया गया है। पड़ोसियों के विरोध के बाद स्थिति बिगड़ गई और कथित तौर पर हसीन और अर्शी ने डालिया खातून के साथ बेरहमी से मारपीट की। आरोप है कि जमीन पर अवैध निर्माण कराने की कोशिश के दौरान यह झड़प हुई।
हसीन जहां की ओर से कोई आधिकारिक बयान नहीं
फिलहाल हसीन जहां या उनके वकील की ओर से इस मामले पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है। घटना को लेकर स्थानीय प्रशासन जांच में जुटा है।
मोहम्मद शमी को देना होगा चार लाख का भत्ता : हाई कोर्ट का निर्देश
इस बीच, कलकत्ता उच्च न्यायालय ने मोहम्मद शमी को आदेश दिया है कि वह हसीन जहां और बेटी अर्शी को हर महीने चार लाख रुपये गुजारा भत्ता के रूप में दें। पहले, जिला सत्र न्यायालय ने 2023 में शमी को पत्नी को ₹50,000 और बेटी को ₹80,000 प्रति माह भुगतान करने का निर्देश दिया था, जिसे हसीन जहां ने चुनौती दी थी।

