Jamshedpur: जिले के प्रखंडों जैसे डुमरिया, पटमदा, बहरागोड़ा, धालभूमगढ़ और घाटशिला में संचालित एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालयों में सत्र 2024-25 के लिए चयनित छात्र-छात्राओं को अब तक विद्यालय में नहीं बुलाया गया है। इस गंभीर स्थिति को लेकर अभिभावकों में नाराज़गी और निराशा गहराती जा रही है। मंगलवार को अभिभावक जमशेदपुर पहुंचे और डीसी ऑफिस में जाकर एक ज्ञापन सौंपा। प्रशासनिक कार्य के चलते जनता दरबार में डीसी मौजूद नहीं थे। इस पर लोगों ने वहां बैठे डीडीसी को ज्ञापन सौंपा है। उनकी मांग है कि सभी छात्रों को उनके विद्यालयों में बुला कर पढ़ाई शुरू कराई जाए। डीडीसी ने बताया कि अभिभावकों के ज्ञापन पर कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
पहले धनबाद बुलाया गया, अब पोटका भेजने की सूचना
जानकारी के अनुसार, चयनित विद्यार्थियों की नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद उन्हें 15 नवंबर 2024 को पहली बार धनबाद जिले के टुंडी प्रखंड स्थित एकलव्य विद्यालय में बुलाया गया था। वहां 28 अप्रैल 2025 तक नियमित कक्षाएं चलीं।
ग्रीष्म अवकाश के बाद बताया गया कि छात्रों को अब धनबाद नहीं, बल्कि डुमरिया और पोटका स्थित विद्यालय में लाया जाएगा। लेकिन 11 जून 2025 से अब तक छात्रों को विद्यालय में प्रवेश के लिए नहीं बुलाया गया, जिससे उनकी पढ़ाई बुरी तरह प्रभावित हो रही है।
अभिभावकों ने दी चेतावनी
डीडीसी ने आश्वासन दिया कि विद्यालय 15 सितंबर तक शुरू हो जाएगा। लेकिन अभिभावकों ने कहा कि विद्यालय पहले भी अगस्त में शुरू करने की बात कही गई थी, जो पूरी नहीं हुई। यदि 15 सितंबर तक भी विद्यालय नहीं खुला, तो वे बच्चों के साथ भूख हड़ताल पर बैठने को मजबूर होंगे। अभिभावकों का कहना है कि बच्चों का भविष्य अधर में लटका है और प्रशासन को इस पर शीघ्र ठोस कदम उठाना चाहिए।

