Jamshedpur (Jharkhand) : पैगंबर मोहम्मद साहब के जन्मदिन ईद मिलादुन्नबी के पावन अवसर पर, झारखंड एकता मोर्चा ने जमशेदपुर में सांप्रदायिक सौहार्द और भाईचारे का संदेश दिया। मोर्चा के संस्थापक अध्यक्ष आफताब खान और प्रदेश अध्यक्ष शाहनवाज आलम के नेतृत्व में, शहर के कई हिस्सों में स्टॉल लगाकर कोल्ड ड्रिंक और फल वितरित किए गए। मोर्चा के कार्यकर्ता मानगो के 17 नंबर, पुरुलिया रोड के 14 नंबर, साकची गोलचक्कर, धातकीडीह और कदमा के शास्त्रीनगर समेत अन्य इलाकों में सक्रिय रहे।
सद्भावना का संदेश
आफताब खान ने इस मौके पर कहा कि हर त्यौहार हमें मिलजुल कर रहने और सद्भाव बनाए रखने का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि “इंसान का इंसान से भाईचारा” के रास्ते पर चलकर ही हम समाज और देश में सुख, समृद्धि और शांति बनाए रख सकते हैं। इस दौरान मोर्चा के वरिष्ठ नेता हाशमी, बंटी, बबलू उर्फ अख्तर और अन्य कई कार्यकर्ताओं ने सक्रिय रूप से भाग लिया। इन सभी ने शहरवासियों को ईद मिलादुन्नबी की मुबारकबाद भी पेश की।

