RANCHI: दुर्गा पूजा महोत्सव को सुव्यवस्थित और शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने के उद्देश्य से रांची नगर निगम ने कमर कस ली है। इसे लेकर मंगलवार को एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन निगम सभागार में किया गया। बैठक की अध्यक्षता प्रशासक सुशांत गौरव ने की। इसमें रांची क्षेत्र के सभी प्रमुख दुर्गा पूजा समितियों के प्रतिनिधि, आयोजनकर्ता और निगम के विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
बैठक में दुर्गा पूजा के दौरान नगर निगम द्वारा की जाने वाली व्यवस्था पर विस्तृत चर्चा की गई। साफ-सफाई, स्ट्रीट लाइट की मरम्मत, स्टोन डस्ट की उपलब्धता, फॉगिंग, ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव, डॉग कैचिंग अभियान और विसर्जन स्थलों की विशेष सफाई जैसे मुद्दों पर समितियों ने सुझाव दिए। बैठक में उप प्रशासक रविंद्र कुमार, गौतम प्रसाद साहू, अधीक्षण अभियंता, नगर प्रबंधक, विभिन्न दुर्गा पूजा समितियों के प्रतिनिधि एवं निगमकर्मी उपस्थित रहे।
24 घंटे एक्टिव रहेगी टीम
प्रशासक ने बताया कि नगर निगम की टीम 24 घंटे सक्रिय रहेगी और किसी भी प्रकार की समस्या के लिए कनेक्ट सेंटर 1800 570 1235 के माध्यम से संपर्क किया जा सकता है। साथ ही निगम और समितियों के बीच बेहतर तालमेल के लिए एक व्हाट्सएप ग्रुप बनाया जाएगा, जिसमें समस्याओं का तुरंत समाधान किया जाएगा।
पंडालों के पास ये हो इंतजाम
समितियों ने चालित शौचालय, नि:शुल्क पार्किंग, नि:शुल्क बस सेवा, पानी टैंकर और ब्लैक स्पॉट्स पर विशेष लाइटिंग जैसी सुविधाएं सुनिश्चित करने की मांग की, जिस पर प्रशासक ने सहमति जताई। प्रशासक ने सभी समितियों से अपील की कि वे पूजा पंडालों में डस्टबिन लगाएं और श्रद्धालुओं को स्वच्छता के लिए जागरूक करें। उन्होंने कहा कि नवरात्रि के दौरान निगम और समितियों का संयुक्त प्रयास ही आयोजन को सफल बनाएगा।

