RANCHI : भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सह नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने झारखंड में डीएमएफटी (डिस्ट्रिक्ट मिनरल फाउंडेशन ट्रस्ट) फंड घोटाले पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि बोकारो में हुए घोटाले के बाद अब धनबाद और कोडरमा में भी इसी तरह के नए मामले सामने आ रहे हैं। यह साबित करता हैं कि भ्रष्टाचार पूरे राज्य में फैला हुआ है। उन्होंने दावा किया कि पहले भी चेताया था कि बोकारो में घोटाला सिर्फ एक उदाहरण है, असल में यह पूरे झारखंड में फैला हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि हेमंत सोरेन सरकार में आईएएस अधिकारी एक जिले से दूसरे जिले में स्थानांतरण के साथ अपने पुराने दलालों और ठेकेदारों को भी लेकर आते हैं।
वहीं, कोडरमा में डीसी के रूप में आदित्य रंजन ने स्किल डेवलपमेंट के नाम पर एमईपीएससी और तितली फाउंडेशन के साथ मिलकर डीएमएफटी फंड से भारी लूट की। अब जब वे धनबाद के डीसी बने हैं, तो वही तरीका अपनाया जा रहा है। बाबूलाल ने यह भी आरोप लगाया कि टेंडर की शर्तों में बदलाव कर मनचाही कंपनियों को फायदा पहुंचाया जा रहा है।
उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से अपील की कि 2022-24 के दौरान कोडरमा में डीएमएफटी फंड के उपयोग की उच्च स्तरीय जांच कराए और आदित्य रंजन व प्रांजल मोदी के बीच रिश्तों की भी जांच की जाए। साथ ही धनबाद में सभी चल रहे टेंडर प्रक्रियाओं को तत्काल रोका जाए और निष्पक्ष जांच सुनिश्चित की जाए।

