Home » RANCHI DC NEWS: उपायुक्त ने तमाड़ प्रखंड कार्यालय का किया औचक निरीक्षण, बिचौलियों पर सख्ती के निर्देश

RANCHI DC NEWS: उपायुक्त ने तमाड़ प्रखंड कार्यालय का किया औचक निरीक्षण, बिचौलियों पर सख्ती के निर्देश

by Vivek Sharma
DC RANCHI INSPECTION
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

RANCHI: रांची के उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने शनिवार को तमाड़ प्रखण्ड सह अंचल कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यालय में कर्मियों की उपस्थिति, अभिलेखों, सेवा पुस्तिका, जनशिकायत निवारण व्यवस्था, पेंशन और अन्य सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की समीक्षा की। उपायुक्त ने निर्देश दिया कि तमाड़ प्रखण्ड कार्यालय में किसी भी प्रकार के बिचौलिये का काम नहीं चलना चाहिए। यदि कार्यालय में कोई बिचौलिया गतिविधि पाई जाती है तो उस पर कड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी।

साथ ही उन्होंने भूमि संबंधित मामलों के ससमय निष्पादन का आदेश देते हुए कहा कि आम जनता को बार-बार कार्यालय के चक्कर न लगाने पड़ें, इसके लिए उचित व्यवस्था की जाए। निरीक्षण में अनुमण्डल पदाधिकारी किस्टो बेसरा, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी केके राजहंस, उप समाहर्ता भूमि सुधार छवि बाला बारला और अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

लोगों से किया संवाद

उपायुक्त ने कार्यालय में उपस्थित लोगों से व्यक्तिगत रूप से संवाद किया और उनकी समस्याओं को सुना। उन्होंने अधिकारियों को त्वरित और पारदर्शी समाधान देने की हिदायत दी। विशेष रूप से सामाजिक सुरक्षा योजनाओं जैसे वृद्धा, विधवा और दिव्यांग पेंशन के पात्र लाभार्थियों तक सही समय पर पहुंचाने का निर्देश दिया। अबुआ आवास योजना के तहत लाभार्थियों को समय पर राशि भुगतान करने के लिए भी उन्होंने विशेष ध्यान देने को कहा।

इसके अलावा उन्होंने तमाड़ प्रखण्ड कार्यालय के परिसर की स्वच्छता पर जोर देते हुए कहा कि यहां सफाई व्यवस्था को सुधारने की आवश्यकता है, ताकि नागरिकों को एक साफ-सुथरा और व्यवस्थित वातावरण मिले। निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने राष्ट्रीय राजमार्ग द्वारा हाईवे निर्माण के लिए अधिग्रहीत भूमि का भी निरीक्षण किया और इस मामले में सम्बंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

READ ALSO: RANCHI MUNICIPAL CORPORATION: निगम का ये कैसा अभियान, मेन रोड से हटाया, गलियों में लगा दिया जाम

Related Articles