RANCHI: कांग्रेस ने पूरे देश में प्रवक्ताओं के चयन के लिए नेशनल मीडिया टैलेंट हंट प्रोग्राम शुरू किया है। जिसकी शुरुआत झारखंड में भी जल्द होने जा रही है। रविवार को प्रेस वार्ता में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने कहा कि एआईसीसी की इस पहल के तहत प्रदेश और क्षेत्रीय स्तर पर नए प्रवक्ताओं की नियुक्ति की जाएगी। इसके लिए झारखंड को सात जोन में विभाजित किया गया है। संवाददाता सम्मेलन में मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा, सतीश पौल मुंजनी, लालकिशोर नाथ शाहदेव, सोनाल शांति, कमल ठाकुर और गजेंद्र सिंह मौजूद रहे।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि चयन प्रक्रिया में कांग्रेस के मूल्यों के प्रति निष्ठा, वैचारिक स्पष्टता, राजनीतिक जागरूकता, बेहतर संचार कौशल, मीडिया में सहज उपस्थिति और इतिहास व संवैधानिक मूल्यों की समझ रखने वालों को प्राथमिकता दी जाएगी। यह प्रक्रिया संगठन सृजन अभियान के तहत पूरी की जाएगी।
इन प्रतिनिधियों को किया जाएगा शामिल
पूर्वी भारत (उड़ीसा, बिहार, झारखंड और बंगाल) के प्रभारी तथा एआईसीसी प्रवक्ता अतुल लोंढे पाटिल ने कहा कि यह कार्यक्रम उन प्रतिभाशाली लोगों को मंच देने का प्रयास है जिनमें संविधान, प्रस्तावना और भारतीय राजनीति की गहरी समझ है। उन्होंने कहा कि पार्टी चाहती है कि संगठन में नए लोग सीधे संवाद के माध्यम से आएं, न कि किसी नेता की सिफारिश से। देश को छह जोन में बांटकर इस पहल को आगे बढ़ाया जा रहा है। जिसमें एनजीओ, मीडिया और सिविल सोसायटी के प्रतिनिधियों को भी शामिल किया जाएगा।
उन्होंने केंद्र सरकार पर सरकारी तंत्र और सोशल मीडिया को नियंत्रित करने का आरोप लगाते हुए कहा कि लोकतांत्रिक संस्थाओं की विश्वसनीयता लगातार प्रभावित हो रही है। चुनाव आयोग की पारदर्शिता पर उठ रहे सवाल गंभीर चिंता का विषय हैं।

