Chaibasa (Jharkhand) : राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने झारखंड सरकार का बिना नाम लिए बगैर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि राज्य में आदिवासी नारकीय जीवन जीने को मजबूर हैं। सरकार ने सिर्फ अवैध धंधों को बढ़ावा दिया है। श्री दास ने कहा कि चाईबासा में एक पिता को अपनी चार माह की बच्ची का शव झोला में ले जाते हुए देखा गया, जिससे पूरे देश में झारखंड शर्मसार हुआ है। पलामू में गरीबी के कारण एक मां को अपने बच्चे को बेचते हुए देखा गया। उन्होंने कहा कि सरकार ने ऐसी स्थिति पैदा कर दी है।
“मुख्यमंत्री के विधानसभा क्षेत्र में 100 करोड़ से ज्यादा का खनन”
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के विधानसभा क्षेत्र में 100 करोड़ से ज्यादा का खनन हुआ हैं। चाईबासा में माइंस बंद है, इससे गरीब लोगों को रोजगार नहीं मिल पा रहा है। लेकिन अवैध माइनिंग धड़ल्ले से चल रही है।
सिंडिकेट के जरिए खनन व ड्रग्स के धंधे का आरोप
उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा ने आयरन ओर ट्रक साइट से पकड़ कर पुलिस को सौंप दिया, जिससे साफ पता चलता है कि पूरा माइनिंग सिंडिकेट के माध्यम से चल रहा है। बावजूद कार्रवाई कुछ नहीं हुई। उसे छोड़ दिया दिया। रघुवर दास ने कहा कि सिर्फ आयरन ओर का ही मामला नहीं है, बालू, पत्थर, ड्रग्स का धंधा सभी सिंडिकेट के माध्यम से फल-फूल रहा है। उन्होंने सरकार से सवाल किया कि आखिर ऐसा क्यों हो रहा है?

