RANCHI: रांची विश्वविद्यालय ने शैक्षणिक सत्र 2025–27 के लिए स्नातकोत्तर (पीजी) व्यावसायिक (Vocational) और सेल्फ फाइनेंस कोर्स में नामांकन को लेकर नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार, इच्छुक अभ्यर्थी झारखंड चांसलर पोर्टल के माध्यम से विश्वविद्यालय अंतर्गत संचालित विभागों, इंस्टीट्यूट्स और संबद्ध कॉलेजों में ऑनलाइन https://jharkhanduniversities.nic.in पर आवेदन कर सकते हैं।
आवेदन प्रक्रिया 17 दिसंबर से शुरू हो चुकी है। आवेदन की अंतिम तिथि यूजी सेमेस्टर-4 या फाइनल परीक्षा के परिणाम जारी होने के 15 दिनों के भीतर तय की गई है। ऐसे में जिन विद्यार्थियों का रिजल्ट आना बाकी है, वे परिणाम घोषित होने के बाद निर्धारित समयसीमा के अंदर आवेदन कर सकेंगे।विश्वविद्यालय प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि चयनित अभ्यर्थियों की मेरिट लिस्ट की तिथि बाद में अलग से अधिसूचना जारी कर घोषित की जाएगी। साथ ही यह भी कहा गया है कि यदि शैक्षणिक सत्र शुरू होने के बाद भी सीटें खाली रहती हैं, तो नामांकन की प्रक्रिया आगे भी जारी रखी जा सकती है।
नामांकन के दौरान विश्वविद्यालय और राज्य सरकार के नियमों के अनुसार वेटेज दिया जाएगा। आरक्षण का लाभ केवल उन्हीं अभ्यर्थियों को मिलेगा, जिनके पास झारखंड राज्य सरकार द्वारा मान्य प्रमाण पत्र होंगे। राज्य के बाहर के प्रमाण पत्र स्वीकार नहीं किए जाएंगे। नामांकन के समय सभी मूल प्रमाण पत्रों का सत्यापन अनिवार्य होगा। मूल दस्तावेज प्रस्तुत नहीं करने की स्थिति में अभ्यर्थी का दावा स्वतः निरस्त कर दिया जाएगा। आवेदन शुल्क और नामांकन शुल्क ऑनलाइन चांसलर पोर्टल के माध्यम से जमा करना होगा।

