Jamshedpur : एमजीएम थाना प्रभारी सचिन कुमार दास को लेकर सोशल मीडिया एक्स पर वायरल किए गए वीडियो पर आयोजन समिति का जवाब आया है। आयोजक समिति का कहना है कि यह वीडियो हिल व्यू कालोनी में आयोजित भजन संध्या कार्यक्रम का है। थाना प्रभारी ने भजन गायिका को पैसे दिए हैं जो गलत नहीं है। आयोजन समिति के अध्यक्ष श्याम सिंह का कहना है कि इस वीडियो को एक्स पर गलत संदर्भ में पेश किया गया है। यही नहीं वीडियो को लेकर जो कमेंट किए जा रहे हैं वह ठीक नहीं है।
गौरतलब है कि एमजीएम थाना प्रभारी सचिन कुमार दास का एक वीडियो वायरल हुआ था। इस वीडियो में वह पैसे देते हुए दिखाई दे रहे थे। इसे लेकर लोग तरह-तरह के कमेंट कर रहे थे। बता दें कि एमजीएम थाना पुलिस इन दिनों चर्चा में है।
एमजीएम थाना पुलिस पर आरोप है कि गोकुल नगर के रहने वाले जीत महतो को पुलिस ने 500 रुपये में चोरी का मोबाइल खरीदने के आरोप में सोमवार को हिरासत में लिया था। बाद में उसे मंगलवार को एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां उसकी मौत हो गई। युवक जीत महतो गंभीर रूप से बीमार था। उसे ब्रेन मलेरिया होने की बात डाक्टरों ने कही है। आरोप है कि पुलिस ने समझ नहीं पाई और युवक को थाने पर रखा गया।
इस मामले में झारखंड की सियासत गरमा गई है। सांसद विद्युत वरण महतो ने इस मामले में जांच की मांग की है। उन्होंने आरोप लगाया है कि मृतक के परिजनों को दो लाख रुपये दिए गए हैं। उन्होंने सवाल उठाया है कि यह रकम उन्हें किस मद से और किसने दी है। पूर्व स्वास्थ्य मंत्री कांग्रेस के वरिष्ठ नेता बन्ना गुप्ता की पत्नी सुधा गुप्ता ने भी इस मामले में निष्पक्ष जांच की मांग की है।
Read also Jamshedpur News : मानगो बनेगा नया पुलिस अनुमंडल, उच्चस्तरीय समिति ने दी स्वीकृति

