Jamshedpur : जमशेदपुर के बिष्टुपुर थाना क्षेत्र में जमशेदपुर हाई स्कूल के पास स्थित बजरंग चाय दुकान की संचालिका मेंहदी कुमारी पर हुए हमले के मामले में एक अहम अपडेट सामने आया है। इस मामले में नामजद आरोपी प्रेम कुमार ने जमशेदपुर के मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी (सीजेएम) की अदालत में अपने वकीलों गौरव पाठक और साकेत सुमन के जरिए आत्मसमर्पण कर दिया है।
बताया जाता है कि 6 अप्रैल की रात कुछ युवकों ने बजरंग चाय दुकान पर पहुंचकर हंगामा किया था। इसी दौरान आरोपियों ने मेंहदी कुमारी पर गर्म चाय फेंक दी, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गईं। घटना के बाद उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
इस मामले में मेंहदी कुमारी के भाई अंकित कुमार ने बिष्टुपुर थाना में अभय तिवारी, सन्नी मिश्रा, प्रेम कुमार समेत अन्य लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई थी। घटना के बाद छह दिन तक पुलिस की कार्रवाई धीमी रहने पर आम लोगों में नाराजगी देखी जा रही थी। अब प्रेम कुमार के सरेंडर के बाद अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग और तेज हो गई है।पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है

