Jamshedpur : मानगो में गोवंश तस्करी गैंग का खुलासा हुआ है। पुलिस ने इस मामले में गोवंश के मवेशियों की तस्करी कर रहे गैंग के एक सदस्य इजहार इकबाल को गिरफ्तार किया है। यह गैंग इनोवा में गोवंशीय मवेशियों को ठूंस-ठूंस कर भरता है और इसकी तस्करी कर एक जगह से दूसरी जगह ले जाता है।
पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर मानगो थाना क्षेत्र के जवाहर नगर रोड नंबर 12 सबीना मस्जिद के पास से इनोवा में बैठाए गए पांच गो-वंशीय जानवर बरामद किए हैं। इनको अमानवीय तरीके से इनोवा में रखा गया था। पुलिस आरोपी इजहार इकबाल को जेल भेजने की तैयारी कर रही है। उससे पूछताछ की जा रही है। इज़हार इकबाल ने पूछताछ में बताया है कि गोवंशीय मवेशियों की तस्करी में सोनू कुरैशी उर्फ सफदर कुरैशी और सईद कुरैशी शामिल हैं।
दोनों आजाद नगर रोड नंबर 12 शबीना मस्जिद के रहने वाले हैं। यह सभी गोवंशीय जानवर इन्हीं के यहां ले जाए जा रहे थे। पुलिस का कहना है कि यह दोनों गो वंशीय जानवरों का कारोबार करते हैं। इनका मकसद गोवंश जानवरों की हत्या कर मांस की बिक्री करने का था। आरोपी इजहार इकबाल चक्रधरपुर का रहने वाला है। पुलिस इस गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।

