Home » Palamu News: पलामू में दो बच्चों को अगवा करने की कोशिश नाकाम, महिला गिरफ्तार

Palamu News: पलामू में दो बच्चों को अगवा करने की कोशिश नाकाम, महिला गिरफ्तार

महिला बंगाली, उर्दू, हिंदी और अंग्रेजी भाषाओं में बात कर रही है और अपनी पहचान छिपाने की कोशिश कर रही है। वह ठीक से अपना नाम और पता भी नहीं बता पा रही है।

by Reeta Rai Sagar
Palamu children kidnapping News
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Palamu: पलामू जिले में बच्चों को गायब करने की कोशिश का मामला सामने आया है। रांची के अंश और अंशिका मामले जैसी घटना को अंजाम देने से पहले ही ग्रामीणों और पुलिस की सक्रियता ने बड़ी अनहोनी टाल दिया। पुलिस ने दोनों बच्चों को सुरक्षित बरामद कर लिया है। पुलिस ने एक संदिग्ध महिला को हिरासत में लिया है। महिला से पूछताछ की जा रही है।

मामला मेदिनीनगर टाउन थाना क्षेत्र का है। एक परिवार ने शुक्रवार को एक महिला को घर के काम के लिए रखा था। महिला उसी दिन पूरे परिवार से घुलमिल गई और भरोसा जीत लिया। शनिवार की सुबह वह घर में मौजूद दो छोटे बच्चों को अपने साथ लेकर निकल गई। महिला का इरादा बच्चों को लेकर फरार होने का था।

कुछ समय बाद बच्चों के घर में नहीं मिलने पर परिजनों ने खोजबीन शुरू की। जब महिला और बच्चों का कोई सुराग नहीं मिला, तो मामले की सूचना पुलिस को दी गई। इसके बाद सदर थाना और टाउन थाना की पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए स्थानीय ग्रामीणों की मदद से सिंगरा खुर्द इलाके से दोनों बच्चों को सुरक्षित बरामद कर लिया।

पुलिस ने महिला को भी पकड़कर सदर थाना ले जाकर पूछताछ शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि महिला बंगाली, उर्दू, हिंदी और अंग्रेजी भाषाओं में बात कर रही है और अपनी पहचान छिपाने की कोशिश कर रही है। वह ठीक से अपना नाम और पता भी नहीं बता पा रही है।

पलामू की पुलिस अधीक्षक रीष्मा रमेशन ने बताया कि महिला से गहन पूछताछ की जा रही है। पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और सदर थाना की टीम को कई बिंदुओं पर निर्देश दिए गए हैं, ताकि यह पता लगाया जा सके कि महिला के पीछे कोई गिरोह तो सक्रिय नहीं है।

फिलहाल दोनों बच्चे सुरक्षित हैं और परिजनों को सौंप दिए गए हैं, वहीं पुलिस पूरे मामले की तह तक जाने में जुटी हुई है।

Also Read: गोड्डा में चोरी के शक में युवक की पीट-पीटकर हत्या के मामले में दो आरोपी गिरफ्तार

Related Articles