घाटशिला : पूर्वी सिंहभूम जिले के घाटशिला थाना क्षेत्र स्थित बुरुडीह डैम में रविवार को पिकनिक मना रहे लोगों पर एक कार चढ़ गई। शाम लगभग 4 बजे जमशेदपुर के सोनारी और डिमना से आए परिवार के लोग खाना खा रहे थे, उसी दौरान बंगाल के गोपीबल्लवपुर से आई बोलेरो कार उन पर चढ़ गई, जिससे लगभग 10 लोग घायल हो गए। घायलों में कुछ बच्चे भी शामिल हैं।
दूसरी ओर घटना से आक्रोशित लोगों ने घटना स्थल पर ही कार में आग लगा दी, जिससे कार जलकर खाक हो गई। सभी घायलों को स्थानीय लोग एवं पुलिस की मदद से इलाज के लिए घाटशिला अनुमंडल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस घटना में कृष्णा पाल का पैर टूट गया है, जिसे घाटशिला अनुमंडल अस्पताल से एमजीएम अस्पताल रेफर किया गया है, वहीं अन्य घायलों में वरुण विश्वकर्मा, संतोष महतो, मनीष महतो शामिल है, उनका प्राथमिक उपचार घाटशिला अनुमंडल अस्पाल में किया जा रहा है। अन्य घायलों को मामूली चोट लगी है।

दूसरी ओर इस घटना में बोलेरो कार का चालक भी घायल हो गया। उसे पुलिस की निगरानी में घाटशिला अनुमंडल अस्पताल में भर्ती किया गया है। जानकारी के अनुसार, सोनारी और डिमना से तीन ऑटो पर सवार होकर लोग बुरुडीह डैम में पिकनिक मनाने आए थे। वे लोग तिरपाल बिछाकर खाना खा रहे थे, कुछ लोग आराम कर रहे थे। इसी दौरान कार के चालक सनातन मल्लिक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया।
इस दौरान वहां चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोग मदद के लिए पहुंचे। इसके साथ ही चालक को पकड़कर कार में आग लगा दी। मामले की जानकारी मिलने पर पुलिस भी दल-बल के साथ पहुंची और चालक को हिरासत में लेते हुए सभी घायलों को अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया।
Read Also: Ghatshila Road Accident : मुसाबनी में खड़े हाईवा से टकराई स्कूटी, तीन की मौत, एक गंभीर एमजीएम रेफर

