Jamshedpur : टेल्को में जिस युवक की गला रेत कर हत्या की गई है उसकी पहचान हो गई है। युवक गोविंदपुर थाना क्षेत्र के चांदनी चौक का रहने वाला है। युवक का नाम अजय श्रीवास्तव है। शव मिलने की सूचना मिलने पर युवक के परिजन टेल्को पहुंचे और शव की पहचान की। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
बताया जा रहा है कि चांदनी चौक पर युवक की चिकन की दुकान है। युवक मंगलवार को दोपहर बाद तीन बजे अपने घर पहुंचा। इसके बाद शाम चार बजे घर से निकला था। जब वह देर तक घर नहीं लौटा तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। उसे कई जगह देखा गया मगर वह नहीं मिला। बुधवार को सुबह जब परिजनों को टेल्को में शव मिलने की सूचना मिली तो वह वहां पहुंचे और शव की पहचान अजय श्रीवास्तव के रूप में की।
शव मिलने की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंच कर पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया। शुरुआती जांच में यह पता चल रहा है कि युवक की हत्या धारदार हथियार से गला रेतकर की गई है। मृतक के गले पर गहरे जख्म के निशान पाए गए हैं, जो इस बात की ओर इशारा करते हैं कि कत्ल बेहद बेरहमी से अंजाम दी गई है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटनास्थल पर खून के धब्बे या किसी तरह के संघर्ष के कोई निशान नहीं मिले हैं। इससे आशंका जताई जा रही है कि युवक की हत्या किसी अन्य स्थान पर की गई और बाद में शव को टेल्को थाना क्षेत्र में लाकर फेंक दिया गया।
पुलिस ने शव का पंचनामा करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम अस्पताल भेज दिया है। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और स्थानीय लोगों से पूछताछ की जा रही है। टेल्को थाना पुलिस का कहना है कि हर पहलू से मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही इस सनसनीखेज हत्या का खुलासा किया जाएगा।
Read also Jamshedpur Car Accident : बिजली के पोल से टकराई तेज रफ्तार कार, आदित्यपुर के युवक की मौके पर मौत

