Home » Chaibasa Cricket News : पीपीपी क्रिकेट प्रतियोगिता के फाइनल में पहुंची सीआरपीएफ 60 बटालियन की टीम

Chaibasa Cricket News : पीपीपी क्रिकेट प्रतियोगिता के फाइनल में पहुंची सीआरपीएफ 60 बटालियन की टीम

Chaibasa Cricket News : आरंभ हुई इस प्रतियोगिता के पहले दिन ग्रुप ‘ए’ एवं ‘सी’ की कुल आठ टीमों के बीच रोमांचक मुकाबले खेले गए।

by Rajeshwar Pandey
CRPF 60 Battalion cricket team reaching the final of PPP Cricket Tournament in Chaibasa
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिले के चक्रधरपुर में शांति, सद्भावना और उन्नति के उद्देश्य से आयोजित पीपीपी क्रिकेट प्रतियोगिता 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए सीआरपीएफ 60 बटालियन की टीम फाइनल में पहुंच गई है। शुक्रवार से आरंभ हुई इस प्रतियोगिता के पहले दिन ग्रुप ‘ए’ एवं ‘सी’ की कुल आठ टीमों के बीच रोमांचक मुकाबले खेले गए।

प्रतियोगिता का उद्घाटन मैच विधायक एकादश और मीडिया 11 के बीच खेला गया। इसमें विधायक एकादश की टीम ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए मीडिया 11 को 6 विकेट से पराजित किया। दूसरे मैच में संवेदक 11 और प्रशासन एकादश आमने-सामने हुए। यहां प्रशासन एकादश की टीम ने पांच विकेट से जीत दर्ज की।तीसरे मुकाबले में नगर पार्षद एकादश और सीआरपीएफ 60 बटालियन के बीच जोरदार संघर्ष देखने को मिला। इसमें सीआरपीएफ की टीम ने 23 रनों से जीत हासिल की।

वहीं चौथे मैच में बैंकर्स 11 और चक्रधरपुर नागरिक एकादश के बीच खेले गए मुकाबले में बैंकर्स 11 की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 9 विकेट से विजय प्राप्त की। इसके बाद खेले गए पहले क्वार्टर फाइनल मुकाबले में सीआरपीएफ 60 बटालियन ने विधायक एकादश को 10 रनों से पराजित कर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। दूसरे क्वार्टर फाइनल में बैंकर्स एकादश ने प्रशासन एकादश को 3 विकेट से हराकर अंतिम चार में जगह बनाई। सेमीफाइनल मुकाबला सीआरपीएफ 60 बटालियन और बैंकर्स एकादश के बीच खेला गया। इसमें कड़ा मुकाबला देखने को मिला।

पहले बल्लेबाजी करते हुए सीआरपीएफ की टीम ने निर्धारित 6 ओवरों में 66 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करते हुए बैंकर्स एकादश की टीम 52 रन ही बना सकी और उसे 13 रनों से हार का सामना करना पड़ा। इस जीत के साथ सीआरपीएफ 60 बटालियन की टीम ने फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली।

अब ग्रुप ‘बी’ और ‘डी’ की आठ टीमों के बीच मुकाबले शनिवार को खेले जाएंगे। इन ग्रुपों से विजेता टीम 26 जनवरी को होने वाले फाइनल मुकाबले में सीआरपीएफ 60 बटालियन की टीम से भिड़ेगी।

इससे पूर्व शुक्रवार की सुबह प्रतियोगिता का भव्य उद्घाटन किया गया। उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि मंडल रेल प्रबंधक तरुण हुरिया थे। जबकि, विशिष्ट अतिथि अनुमंडल पदाधिकारी श्रुति राजलक्ष्मी एवं अपर मंडल रेल प्रबंधक विनय कुजूर उपस्थित रहे। उद्घाटन सत्र की अध्यक्षता पीपीपी संचालन समिति के अध्यक्ष सन्नी उरांव ने की।

अतिथियों ने सभी टीमों के खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और प्रतीकात्मक बैलून उड़ाकर प्रतियोगिता का उद्घाटन किया। इस मौके पर डीआरएम द्वारा उपस्थित खिलाड़ियों एवं खेल प्रेमियों को चक्रधरपुर की शांति और सद्भावना बनाए रखने की शपथ दिलाई। इसके पश्चात नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती को लेकर उनकी तस्वीर पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई।

अपने संबोधन में डीआरएम तरुण हुरिया ने कहा कि क्रिकेट दिलों को जोड़ने का कार्य करता है। सुख, शांति और विकास के लिए आयोजित इस तरह की प्रतियोगिताएं भविष्य में सकारात्मक परिणाम देंगी। उन्होंने यह भी कहा कि यदि इस तरह की प्रतियोगिता निरंतर आयोजित होती रही तो रेलवे स्कूल मैदान को क्रिकेट स्टेडियम में परिवर्तित करने पर विचार किया जाएगा। अनुमंडल पदाधिकारी श्रुति राजलक्ष्मी ने कहा कि चक्रधरपुर प्रेम और सौहार्द का प्रतीक है, जहां सभी लोग मिलजुल कर रहते हैं। इस प्रतियोगिता में इसका साफ प्रमाण देखने को मिलता है। उन्होंने कहा कि लगातार दूसरे वर्ष उद्घाटन सत्र में शामिल होना उनके लिए गर्व की बात है।

अपर मंडल रेल प्रबंधक विनय कुजूर ने कहा कि सद्भावना को बढ़ावा देने वाली यह प्रतियोगिता अत्यंत सराहनीय है, और इसमें विभिन्न वर्गों की टीमों की भागीदारी अपने आप में बड़ी उपलब्धि है। वहीं अपने अध्यक्षीय भाषण में सन्नी उरांव ने कहा कि इस प्रतियोगिता के आयोजन में शहर के तमाम लोगों, अधिकारियों और खेल प्रेमियों का भरपूर सहयोग मिला है। उन्होंने सभी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भविष्य में अवसर मिला तो इसे और भी भव्य रूप देने का प्रयास किया जाएगा।

Read Also: Chaibasa Accident : तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने टाटा मैजिक को टक्कर मारी, एक महिला की मौत, चार घायल

Related Articles