Ramgarh : रामगढ़ जिले के पतरातू इलाके में पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे एंटी क्राइम चेकिंग अभियान के दौरान बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने एक ब्राउन शुगर तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के पास से नकदी, मादक पदार्थ और अन्य सामान बरामद किया है।
शुक्रवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में पतरातू अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी गौरव गोस्वामी ने बताया कि क्षेत्र में संगठित अपराधियों और नशा तस्करों की धरपकड़ के लिए नियमित जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी सिलसिले में शैतान चौक के पास पुलिस ने शक के आधार पर पतरातू बस्ती के रहने वाले विशाल कुमार को रोका, जो हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (जेएच-24 एन-7447) से जा रहा था।
पुलिस को देखकर उसकी गतिविधियां संदिग्ध लगीं। इसके बाद उसकी तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उसके पास से 6.9 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुई। साथ ही 16,400 रुपये नकद, एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन और लाइटर भी जब्त किया गया। पुलिस का मानना है कि बरामद नकदी नशे के अवैध कारोबार से जुड़ी हो सकती है।
पूछताछ में आरोपी कोई ठीक ठाक जवाब नहीं दे सके। इसके बाद उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर पतरातू थाना लाया गया। उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया। यहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
एसडीपीओ ने कहा कि पतरातू क्षेत्र में नशा तस्करी पर पूरी तरह रोक लगाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा। नशा कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
इस अभियान में पुलिस निरीक्षक सत्येंद्र कुमार सिंह, बासल थाना प्रभारी कैलाश कुमार, पतरातू थाना प्रभारी शिवलाल कुमार गुप्ता, भुरकुंडा ओपी प्रभारी उपेन्द्र कुमार, भदानीनगर ओपी प्रभारी अख्तर अली और बरकाकाना ओपी प्रभारी उमाशंकर वर्मा समेत कई पुलिसकर्मियों की अहम भूमिका रही।

