
Jamshedpur : ऑपरेशन यात्री सुरक्षा के तहत रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और रेल पुलिस ने टाटानगर रेलवे स्टेशन पर संयुक्त कार्रवाई करते हुए मोबाइल चोरी करने वाले गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से चोरी के चार मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। पुलिस के मुताबिक, आरोपी गिरोह बनाकर स्टेशन परिसर और ट्रेनों में यात्रियों को निशाना बनाते थे।
मंडल सुरक्षा आयुक्त, आरपीएफ चक्रधरपुर मंडल और रेल पुलिस अधीक्षक, जमशेदपुर के मार्गदर्शन में 18 अगस्त 2026 की सुबह आरपीएफ टाटा और जीआरपी टाटा की संयुक्त टीम स्टेशन परिसर में गश्त और चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान टीम को चार युवकों की गतिविधियां संदिग्ध लगीं। पूछताछ और तलाशी के बाद उनके पास से चोरी के चार मोबाइल फोन बरामद किए गए।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रकाश दास उर्फ तिग्गी (38), रोहित लोहार उर्फ छोटू (26), शेख रमजान (19) और शेख मुबारक (26) के रूप में हुई है। प्रकाश दास और रोहित लोहार टाटानगर रेलवे स्टेशन के आसपास के रहने वाले हैं, जबकि शेख रमजान और शेख मुबारक पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिले के निवासी बताए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, प्रकाश दास उर्फ तिग्गी गिरोह का सरगना बताया जा रहा है। चारों आरोपी आपस में मिलकर रेलवे स्टेशन और ट्रेनों में यात्रियों की गतिविधियों पर नजर रखते थे और मौका मिलते ही उनके मोबाइल फोन चोरी कर फरार हो जाते थे।
कार्रवाई के बाद सभी आरोपियों को आगे की कानूनी प्रक्रिया के लिए रेल थाना टाटानगर के सुपुर्द कर दिया गया है। पूरी कार्रवाई आरपीएफ के एएसआई बलबीर प्रसाद के नेतृत्व में की गई।
आरपीएफ और जीआरपी की इस संयुक्त कार्रवाई से रेलवे स्टेशन और ट्रेनों में यात्रियों के सामान व मोबाइल चोरी करने वाले गिरोहों में हड़कंप मचा है। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों और पूर्व की चोरी की घटनाओं के बारे में भी जानकारी जुटा रही है।


