Ranchi : राजधानी रांची के खेलगांव थाना क्षेत्र में दीपाटोली मिलिट्री स्टेशन के करियप्पा एन्क्लेव में अज्ञात हमलावरों ने भारतीय सेना की महिला मेजर के सरकारी आवास के सामने उनके साथ मारपीट की और चार माह के मासूम बच्चे को जबरन छीनकर फेंक दिया। इस हमले में मेजर और शिशु दोनों घायल हो गए।

पीड़ित अधिकारी के पति की शिकायत पर खेलगांव ओपी में बुधवार को एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है और हमलावरों की तलाश की जा रही है।
मेजर अविलेष भारती ने पुलिस को बताया कि घटना 23 जनवरी की शाम की है। करीब सात बजे उनकी पत्नी मेजर रीना यादव अपने बच्चे के साथ शाम को टहलने के बाद घर लौट रही थीं। घर के अंदर जाने के कुछ देर बाद बाहर से किसी ने ‘मैम’ कहकर आवाज लगाई। जैसे ही उन्होंने दरवाजा खोला, दो अज्ञात व्यक्ति अचानक अंदर घुस आए।
एक हमलावर ने उन्हें पीछे से पकड़ लिया, जबकि दूसरे ने गोद से बच्चा छीनकर बाहर फेंक दिया। इसके बाद महिला अधिकारी को घसीटते हुए ड्राइंग रूम में ले जाया गया, लाइट बंद कर उनके साथ मारपीट की गई।
महिला अधिकारी ने हिम्मत दिखाते हुए खुद को छुड़ाया और घर से बाहर निकलकर शोर मचाया, जिसके बाद हमलावर मौके से फरार हो गए।
हमले में मेजर के होंठ कट गए, जबकि शिशु के सिर में सूजन आ गई। दोनों का इलाज सैन्य पॉलिक्लिनिक में कराया गया। बच्चे के उपचार के कारण 24 जनवरी को एफआईआर दर्ज नहीं हो सकी, जिसके बाद 25 जनवरी को लिखित शिकायत दी गई।
घटना सैन्य क्षेत्र में होने के कारण सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और संदिग्धों की पहचान की कोशिश की जा रही है।
Read also Kairav Kidnapping : पुलिस ने बरही में घेराबंदी कर कैरव के तीन अपरहणकर्ताओं को दबोचा, कार भी बरामद

