Jamshedpur : जमशेदपुर के छोटा गोविंदपुर स्थित चांदनी चौक के पास मौजूद भारतीय स्टेट बैंक की शाखा में बुधवार की शाम अचानक आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। बैंक भवन से धुआं उठता देख आसपास के दुकानदारों और राहगीरों में हड़कंप की स्थिति बन गई। लोगों ने तत्परता दिखाते हुए तुरंत प्रशासन और अग्निशमन विभाग को सूचना दी।
घटना की जानकारी मिलते ही टाटा मोटर्स की फायर ब्रिगेड टीम और झारखंड अग्निशमन विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं। दमकलकर्मियों ने बिना देर किए आग बुझाने का अभियान शुरू कर दिया। खबर लिखे जाने तक आग पूरी तरह काबू में नहीं आ सकी थी। हालांकि, राहत और बचाव कार्य तेजी से जारी था।
एहतियात के तौर पर आसपास की दुकानों को खाली करा लिया गया है और पूरे क्षेत्र में सुरक्षा घेरा बना दिया गया है, ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना से बचा जा सके। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर मौजूद हैं और हालात पर लगातार नजर रखे हुए हैं।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग लगने के कारणों का अभी तक स्पष्ट खुलासा नहीं हो सका है। शॉर्ट सर्किट सहित अन्य संभावित कारणों की जांच की जा रही है। स्थिति नियंत्रण में लाने के प्रयास जारी हैं।

