Ramgarh : मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन गुरुवार को सपरिवार अपने पैतृक गांव नेमरा पहुंचे और वहां आयोजित पारंपरिक बाहा पर्व में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों के साथ नेमरा गांव स्थित जाहेर थान पहुंचकर पारंपरिक विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और राज्य की सुख-समृद्धि, खुशहाली और उन्नति की कामना की।
परंपरा के अनुसार पूजा-अर्चना गांव के नाइके बाबा (पाहन) चैतन टुडू और कुडम नाइके बाबा (उप पाहन) छोटू बेसरा ने संपन्न कराई। मुख्यमंत्री अपने आवास से ग्रामीणों के साथ पदयात्रा करते हुए बाहा पूजा के लिए जाहेर थान तक पहुंचे।
मुख्यमंत्री को देख लोगों में था उत्साह
मुख्यमंत्री को अपने बीच पाकर नेमरा और आसपास के क्षेत्रों के ग्रामीणों में खासा उत्साह देखने को मिला। पारंपरिक संस्कृति के अनुरूप ग्रामीण ढोल-नगाड़ा और मांदर बजाते हुए मुख्यमंत्री के साथ जाहेर थान तक पहुंचे। इस दौरान मुख्यमंत्री ने भी मांदर बजाकर ग्रामीणों का उत्साह बढ़ाया। लोगों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।
दो दिवसीय दौरे पर आए हैं नेमरा
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन अपनी पत्नी और विधायक कल्पना सोरेन के साथ दो दिवसीय दौरे
पर नेमरा पहुंचे हैं। उनके आगमन की सूचना मिलते ही आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग उनसे मिलने पहुंचे। मुख्यमंत्री ने भी लोगों से आत्मीयता के साथ बातचीत की और उनकी समस्याएं सुनीं। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने सभी को बाहा पर्व की हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं।

