Jamshedpur : जमशेदपुर में इंसानियत को शर्मसार करने वाली एक घटना हुई है। यहां शराब के नशे में धुत कुछ युवकों ने एक महिला के साथ सरेआम छेड़खानी करते हुए उसके साथ मारपीट की। हैरानी की बात यह रही कि पूरी घटना सड़क पर होती रही और आसपास मौजूद लोग तमाशबीन बने रहे। पूरी घटना पास की दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया है। यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
घटना बागबेड़ा थाना क्षेत्र के रोड नंबर तीन स्थित नया बस्ती की बताई जा रही है। बताते हैं कि शराब के नशे में कुछ युवकों ने एक महिला के साथ छेड़खानी शुरू कर दी। महिला ने जब इसका विरोध किया तो आरोपियों ने उसके साथ बेरहमी से मारपीट की।
मुंह में ठूंस दी महिला की साड़ी
आरोप है कि मारपीट के दौरान युवकों ने महिला की साड़ी खोलकर उसके ही मुंह में ठूंस दिया और जबरन सिगरेट पिलाने की भी कोशिश की। पूरी घटना सड़क पर होती रही, लेकिन आसपास मौजूद लोग मदद के लिए आगे नहीं आए और मूक दर्शक बने रहे। पूरी वारदात पास की एक दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई।
फुटेज वायरल होने पर हरकत में आई पुलिस
वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई। महिला की शिकायत के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कन्हैया रजक नामक युवक को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटना में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।

