Bahragora : बहरागोड़ा प्रखंड क्षेत्र में अपराधियों का दुस्साहस चरम पर है। मंगलवार की दोपहर क्षेत्र में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब साकरा स्थित केनरा बैंक की शाखा में पांच नकाबपोश बदमाशों ने फिल्मी अंदाज में धावा बोलकर लगभग 15 लाख रुपये की डकैती की घटना को अंजाम दिया। इस घटना ने पुलिस की गश्त और सुरक्षा दावों की पोल खोल दी है। बताते हैं कि लंच टाइम में हथियारबंद बदमाशों ने ‘फिल्मी’ अंदाज में दिया घटना को अंजाम दिया है।
जानकारी के अनुसार, बैंक में दोपहर करीब 1:30 से 2:00 बजे के बीच सब कुछ सामान्य था। कर्मचारी लंच की तैयारी में थे, तभी पांच युवक ग्राहक बनकर बैंक परिसर में दाखिल हुए। अंदर घुसते ही बदमाशों ने फौरन चेहरे पर मास्क लगा लिया और पिस्तौल निकालकर बैंक कर्मियों पर तान दी।
बंधक बनाकर की लूटपाट और छीना-झपटी
अपराधियों ने बैंक कर्मियों को जान से मारने की धमकी देकर एक कोने में बंधक बना लिया। इसके बाद कैश काउंटर और तिजोरी को खंगालकर लगभग 15 लाख रुपये लूट लिए। वहीं सिर्फ बैंक के पैसे ही नहीं, बल्कि कर्मचारियों के निजी मोबाइल, पर्स और सोने की चेन भी छीन ली। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी अपराधी मोटरसाइकिलों पर सवार होकर स्थानीय रास्तों से पश्चिम बंगाल की ओर भाग निकले।
पकड़े जाने के डर और लोकेशन ट्रैस न हो, इसलिए अपराधियों ने लूट के मोबाइल फोन भागते समय रास्ते में ही फेंक दिए। सूचना मिलते ही बहरागोड़ा पुलिस दलबल के साथ मौके पर पहुंची तथा बैंक के अंदर और बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाला जा रहा है। ताकि अपराधियों के चेहरे और बाइक के नंबर का सुराग मिल सके। पुलिस ने पश्चिम बंगाल तथा ओडिशा राज्य से सटे होने के कारण सीमावर्ती इलाकों में सघन चेकिंग अभियान शुरू कर दिया गया है।

