Home » RANCHI NEWS : रामनवमी की तैयारी तेज, जिला प्रशासन ने पूजा समितियों से मांगी ये जानकारी

RANCHI NEWS : रामनवमी की तैयारी तेज, जिला प्रशासन ने पूजा समितियों से मांगी ये जानकारी

सभी शोभायात्राओं और कार्यक्रमों के मार्ग, समय और संख्या की जानकारी पहले से संबंधित थाना व अनुमंडल पदाधिकारी को उपलब्ध कराई जाए

by Vivek Sharma
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

RANCHI : झारखंड की राजधानी रांची में रामनवमी पर्व को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। श्री महावीर मंडल रांची और रामनवमी श्रृंगार समिति, केंद्रीय शांति समिति के प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री से मुलाकात की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने रामनवमी के आयोजन को लेकर विस्तृत चर्चा की और प्रशासन से सहयोग की अपील की।
प्रतिनिधियों ने उपायुक्त को शहर में निकलने वाली विभिन्न शोभायात्राओं, झांकी प्रदर्शन, झंडा पूजन, महाआरती और अन्य धार्मिक कार्यक्रमों की रूपरेखा की जानकारी दी। इसके साथ ही शहर में शांति व्यवस्था बनाए रखने, ट्रैफिक नियंत्रण, भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन से समन्वय की जरूरत बताई। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि पर्व को भव्य और सुरक्षित तरीके से मनाने के लिए वे जिला प्रशासन के साथ मिलकर कार्य करेंगे।

शांति समिति से की अपील

उपायुक्त ने कहा कि रामनवमी रांची शहर की सांस्कृतिक परंपरा और सामाजिक एकता का प्रतीक है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जिला प्रशासन पर्व को पूरी तरह शांतिपूर्ण, सुव्यवस्थित और सफल बनाने के लिए हरसंभव सहयोग करेगा। उन्होंने आयोजकों से कहा कि सभी शोभायात्राओं और कार्यक्रमों के मार्ग, समय और संख्या की जानकारी पहले से संबंधित थाना व अनुमंडल पदाधिकारी को उपलब्ध कराई जाए। इसके साथ ही केंद्रीय शांति समिति और स्थानीय शांति समितियों के साथ लगातार समन्वय बनाए रखने पर भी जोर दिया।

ये विभाग अलर्ट मोड में

उपायुक्त ने बताया कि पर्व के दौरान विधि-व्यवस्था, ट्रैफिक और अग्निशमन विभाग को अलर्ट मोड में रखा जाएगा। संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान कर वहां अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती भी की जाएगी। उन्होंने सभी लोगों से अपील की कि पर्व को उत्साह और सौहार्द के साथ मनाएं और किसी भी प्रकार की उत्तेजक टिप्पणी, ध्वनि प्रदूषण या नियमों के उल्लंघन से बचें। ज्ञात हो कि इस रामनवमी 26 मार्च को मनाई जाएगी।

Related Articles