Jamshedpur : आगामी ईद, सरहुल, हिंदू नववर्ष और रामनवमी पर्व के शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण आयोजन को लेकर जिला प्रशासन की ओर से नगर भवन में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने की। इस दौरान विभिन्न आयोजन समितियों के प्रतिनिधि, प्रशासनिक पदाधिकारी और पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में त्योहारों के दौरान श्रद्धालुओं को बेहतर मूलभूत नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराने को लेकर कई सुझाव और मांगें रखी गईं। प्रशासन की ओर से सभी सुझावों पर आवश्यक कार्रवाई करने का आश्वासन दिया गया।
उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने कहा कि जमशेदपुर में सभी धर्मों के लोग हमेशा से आपसी सौहार्द और भाईचारे के साथ त्योहार मनाते आए हैं। उन्होंने सभी से अपील की कि इस परंपरा को आगे भी बनाए रखें और एक-दूसरे की धार्मिक भावनाओं का सम्मान करते हुए पर्व मनाएं। उन्होंने आगामी त्योहारों की अग्रिम शुभकामनाएं भी दीं।
उपायुक्त ने लोगों से किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान नहीं देने, संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत प्रशासन को देने तथा सोशल मीडिया का जिम्मेदारी के साथ उपयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि भड़काऊ या संदिग्ध पोस्ट को बिना जांचे-परखे आगे न बढ़ाएं। साथ ही जुलूसों को व्यवस्थित और संयमित बनाए रखने के लिए स्वयंसेवकों की मदद लेने की भी सलाह दी।
बैठक में ग्रामीण पुलिस अधीक्षक ऋषभ गर्ग ने आयोजकों से पारंपरिक वाद्य यंत्रों के उपयोग को बढ़ावा देने, शोभायात्रा को संयमित और अनुशासित तरीके से निकालने तथा निर्धारित रूट और समय का पालन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि विधि-व्यवस्था बनाए रखने में सभी को प्रशासन का सहयोग करना चाहिए।
वहीं सिटी एसपी कुमार शिवाशीष ने कहा कि पर्वों के दौरान शहर में पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। असामाजिक तत्वों पर पुलिस की विशेष नजर रहेगी। उन्होंने कहा कि नशे की हालत में किसी को भी जुलूस में शामिल होने नहीं दिया जाएगा और साम्प्रदायिक माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में प्रशासन और पुलिस विभाग के वरीय पदाधिकारियों के साथ विभिन्न समुदायों के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।

