Palamu : पलामू जिले के रामगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत हुटार गांव में गुरुवार की शाम को घरेलू गैस सिलेंडर में विस्फोट होने से चार लोग झुलस गए। इनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। दोनों घायलों को इलाज के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। घटना में घर का एक हिस्सा भी क्षतिग्रस्त हो गया।बताते हैं कि हुटार गांव निवासी कृष्णा चंद्रवंशी अपनी बीमार पत्नी का इलाज कराने मेदिनीनगर गए हुए थे।
इसी दौरान घर में उनका 15 वर्षीय पोता बृजभान कुमार मौजूद था। वह खाना बना रहा था, तभी अचानक गैस सिलेंडर में आग लग गई। आग लगते ही बृजभान ने शोर मचाकर आसपास के लोगों को इसकी सूचना दी।सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और सिलेंडर में लगी आग बुझाने का प्रयास करने लगे। ग्रामीण पानी और रेत की मदद से आग पर काबू पाने की कोशिश कर रहे थे। इसी दौरान अचानक सिलेंडर में तेज विस्फोट हो गया।
विस्फोट की चपेट में ज्ञानी मोची, अरुण मोची समेत चार लोग आ गए।घटना में गंभीर रूप से जख्मी ज्ञानी मोची और अरुण मोची को इलाज के लिए तत्काल मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल भेजा गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। अन्य दो घायलों को भी हल्की चोटें आई हैं।विस्फोट से कृष्णा चंद्रवंशी के घर के किचन की दीवार क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि घर के भीतर सीढ़ी के पास लगी एस्बेस्टस शीट भी उड़ गई। घटना की सूचना मिलते ही रामगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
रामगढ़ थाना प्रभारी ओमप्रकाश शाह ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि गैस सिलेंडर विस्फोट में दो लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। दोनों का इलाज अस्पताल में चल रहा है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।

