RANCHI: रामनवमी और चैती छठ महापर्व को लेकर रांची नगर निगम ने तैयारियां तेज कर दी हैं। श्रद्धालुओं को स्वच्छ, सुरक्षित और सुव्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से निगम द्वारा विशेष सफाई अभियान चलाया जा रहा है। अधिकारी भी प्रमुख स्थलों पर निरीक्षण कर रहे है। रामनवमी को ध्यान में रखते हुए निवारणपुर स्थित तपोवन मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में युद्धस्तर पर सफाई अभियान चलाया जा रहा है। मंदिर के समीप स्थित बड़े नाले की पोकलेन मशीन से सफाई की जा रही है, जिसमें अब तक लगभग 20 कॉम्पैक्टर गाद निकाला जा चुका है। इसके साथ ही अतिरिक्त सफाई कर्मियों की तैनाती कर मैनुअल सफाई भी जारी है। इस अभियान से क्षेत्र में दुर्गंध में कमी आई है और जल प्रवाह सुचारू हुआ है, जिससे स्थानीय लोगों को राहत मिली है।
नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने मोरहाबादी स्थित कुसुम बिहार में 78.65 डिसमिल निगम भूमि का निरीक्षण किया। यहां बाउंड्री वॉल का निर्माण कार्य जारी है और भविष्य में लाइब्रेरी सहित जनकल्याणकारी योजनाएं विकसित करने की योजना है। निरीक्षण के दौरान भूमि के एक हिस्से में अतिक्रमण पाए जाने पर अधिकारियों को तत्काल हटाने के निर्देश दिए गए हैं।
इसके अलावा चैती छठ महापर्व को लेकर नगर आयुक्त ने बड़ा तालाब, तेतरटोली तालाब और दिव्यायन तालाब का निरीक्षण किया। उन्होंने साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था और सुरक्षा इंतजामों का जायजा लेते हुए अधिकारियों को सभी कार्य जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने बड़ा तालाब में बैरिकेडिंग, चेंजिंग रूम, प्रकाश व्यवस्था और संपर्क पथों की सफाई सुनिश्चित करने को कहा। तेतरटोली तालाब में सुरक्षा के लिए लाल रिबन और बैरिकेडिंग लगाने तथा श्रद्धालुओं को विसर्जन कुंड के उपयोग के लिए जागरूक करने के निर्देश दिए गए। वहीं दिव्यायन तालाब में पौधारोपण, नाली निर्माण और पेवर ब्लॉक कार्य को शीघ्र पूरा करने पर जोर दिया। निगम के अनुसार चैती छठ के लिए 26 तालाबों में 98 चेंजिंग रूम बनाए जा रहे हैं और करीब 1200 सफाई कर्मियों की तैनाती की गई है।

