RANCHI: रांची नगर निगम शहर को जलजमाव मुक्त, सुव्यवस्थित और स्वच्छ बनाने के लिए एक साथ कई मोर्चे पर काम कर रहा है। कई जगहों पर विकास कार्य चल रहे है तो कहीं टीम के सहयोग से निगम का राजस्व बढ़ रहा है। इसके अलावा नगर निगम की टीम कई कार्य कर रही है, जिससे कि राजधानी के लोगों को राहत मिले सके। शहर में वार्ड 23 के हिंदपीढ़ी क्षेत्र में बड़े नाले का निर्माण कार्य प्रगति पर है। वहीं डेडिकेटेड रोड मैनेजमेंट टीम के विशेष अभियान से नगर निगम के राजस्व संग्रहण में वृद्धि दर्ज की गई है।
2850 फीट नाले का निर्माण
हिंदपीढ़ी के नाला रोड, मौलाना आजाद कॉलोनी क्षेत्र में करीब 2850 फीट लंबे बड़े नाले का निर्माण किया जा रहा है। इसके अलावा जलजमाव वाले मार्ग में 600 फीट नाली निर्माण को भी इस परियोजना में शामिल किया गया है। इस योजना का मुख्य उद्देश्य गुरुनानक स्कूल और लोअर पीपी कंपाउंड के सामने हर साल होने वाली जलजमाव की समस्या का स्थायी समाधान करना है। 24 मार्च को सुपरिंटेंडेंट इंजीनियर गगनदेव बैठा के नेतृत्व में टीम ने निर्माण स्थल का निरीक्षण किया। जांच के दौरान पाया गया कि संकरी सड़कों के कारण नाली की कास्टिंग मैनुअल तरीके से हो रही है, जिससे काम की गति प्रभावित हुई है। अधिकारियों ने निर्माण एजेंसी को निर्देश दिया कि कार्य को तेज कर आगामी मानसून से पहले पूरा किया जाए।

10 प्रमुख सड़कें होगी अतिक्रमण मुक्त
वहीं, शहर की 10 प्रमुख सड़कों को अतिक्रमण मुक्त और व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से गठित डीआरएमटी की समीक्षा बैठक उप नगर आयुक्त गौतम प्रसाद साहू की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में बताया गया कि विशेष अभियान के तहत ऐसे कई भवनों और प्रतिष्ठानों की पहचान की गई, जिन्होंने वर्षों से होल्डिंग टैक्स नहीं चुकाया था या जिनका एसेसमेंट नहीं हुआ था। अभियान के तहत होटल शिवानी इंटरनेशनल, होटल रेनड्यू, एक्सआईएसएस, जीईएल मिशन सहित कई प्रतिष्ठानों से लाखों रुपये का कर संग्रह किया गया। उप नगर आयुक्त ने अवैध होर्डिंग, पोस्टर और अतिक्रमण पर सख्त कार्रवाई के निर्देश भी दिए। साथ ही सभी व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के लिए ट्रेड लाइसेंस की अनिवार्यता पर जोर दिया गया।
28 यूनिट खून किया गया कलेक्ट
रांची नगर निगम में सदर अस्पताल के सहयोग से रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में निगम के अधिकारी, कर्मचारी, सफाई मित्र और आम लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और स्वेच्छा से रक्तदान किया। शिविर में 28 यूनिट खून कलेक्ट कर सदर आस्पताल को दिया गया। इस पहल का उद्देश्य जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करना और समाज में जागरूकता बढ़ाना था।

