RANCHI :रांची रेल मंडल में रिश्वत कांड की जांच तेज हो गई है। सीबीआई ने रेलवे के मुख्य वाणिज्यिक निरीक्षक हिमांशु शेखर को रिमांड पर लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। विशेष सीबीआई अदालत ने मामले की गंभीरता को देखते हुए उसे तीन दिनों के रिमांड पर सौंपने का आदेश दिया था। कोर्ट के निर्देश के अनुसार, सीबीआई की टीम सोमवार को हिमांशु शेखर को बिरसा मुंडा सेंट्रल जेल से अपने कार्यालय लेकर आई, जहां उससे गहन पूछताछ की गई। सीबीआई ने उसे 25 मार्च की शाम ठेकेदार अजय त्यागी से 50 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया था।
गिरफ्तारी के बाद जांच एजेंसी ने मामले से जुड़े अन्य अधिकारियों से भी पूछताछ की। इसी क्रम में तत्कालीन सीनियर मंडल वाणिज्यिक प्रबंधक शुचि सिंह से करीब तीन घंटे तक पूछताछ की गई। हालांकि बाद में उन्हें छोड़ दिया गया, लेकिन जांच के लिए उनका मोबाइल फोन जब्त कर लिया गया है, जिसकी जांच जारी है। सीबीआई ने 26 मार्च को आरोपित को अदालत में पेश कर रिमांड की मांग की थी। अदालत ने सुनवाई के लिए 28 मार्च की तारीख तय की और तब तक उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। बाद में 28 मार्च को हुई सुनवाई में अदालत ने तीन दिनों की रिमांड मंजूर कर ली।

