कोडरमा। झारखंड के कोडरमा जिले के तिलैया थाना क्षेत्र स्थित करमा गांव में मंगलवार तड़के एक फर्नीचर गोदाम में भीषण आग लग गई। इस हादसे में लाखों रुपये की संपत्ति जलकर राख हो गई। गोदाम स्थानीय निवासी जफीर अंसारी का बताया जा रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुबह करीब तीन बजे अचानक तेज आवाज और चमक दिखाई दी, जिसके बाद आग तेजी से फैल गई।
हाई टेंशन तार से शॉर्ट सर्किट की आशंका
स्थानीय लोगों का कहना है कि गोदाम के ऊपर से गुजर रहे हाई टेंशन बिजली तार में शॉर्ट सर्किट होने की वजह से आग लगी। चिंगारी गिरते ही लकड़ी से भरे गोदाम ने तुरंत आग पकड़ ली। जब तक लोग स्थिति को समझ पाते, तब तक आग विकराल रूप ले चुकी थी और पूरे गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया।
आग लगते ही आसपास के लोगों ने तुरंत गोदाम मालिक को सूचना दी और खुद भी आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। लेकिन गोदाम में बड़ी मात्रा में लकड़ी और अन्य ज्वलनशील सामग्री होने के कारण आग पर काबू पाना मुश्किल हो गया। धीरे-धीरे आग ने पूरे परिसर को घेर लिया।
चार घंटे बाद पाया गया काबू
घटना की सूचना मिलने के बाद अग्निशमन विभाग की दो दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकलकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद करीब चार घंटे में आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक गोदाम में रखा अधिकांश सामान जलकर पूरी तरह नष्ट हो चुका था।
गोदाम मालिक जफीर अंसारी ने बताया कि घटना के समय वे हजारीबाग जिले के बरही में एक शादी समारोह में गए हुए थे। सूचना मिलते ही वे तुरंत लौटे, लेकिन तब तक काफी नुकसान हो चुका था। उन्होंने बताया कि गोदाम में लकड़ी के फर्नीचर के अलावा लोहे की अलमारी, फ्रिज और कूलर जैसे कई महंगे सामान रखे थे। इस आगजनी में करीब 50 लाख रुपये से अधिक के नुकसान का अनुमान लगाया गया है।
बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप
इस घटना के बाद स्थानीय लोगों ने बिजली विभाग पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। मुखिया प्रतिनिधि अनिल यादव ने बताया कि जफीर अंसारी के मकान के ऊपर से 11 हजार वोल्ट का हाई टेंशन तार गुजरता है, जिसकी शिकायत कई बार की गई थी। बावजूद इसके विभाग ने कोई कार्रवाई नहीं की, जिसके कारण यह हादसा हुआ।
Read Also: JETET: पलामू में भाषा पर तकरार, Local Language चयन पर फिर भड़का आक्रोश

