RANCHI: रांची में हाल के दिनों में लूट और डकैती की कई बड़ी घटनाओं को अंजाम देकर दहशत फैलाने वाले गिरोह के सरगना मोहम्मद तल्हा को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इससे पहले रांची पुलिस इस गिरोह के 10 अपराधियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी थी, जबकि तल्हा फरार चल रहा था। सिटी एसपी पारस राणा ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी तल्हा शहर छोड़कर भागने की कोशिश में है। इसी सूचना के आधार पर नेवरी इलाके में छापेमारी कर उसे गिरफ्तार किया गया।
तल्हा के गिरोह ने डोरंडा के एक मार्ट, पुंदाग और बीआईटी क्षेत्र के पेट्रोल पंपों, टाटीसिलवे स्थित सीएनजी पंप और ओरमांझी में एक दुकानदार को लूटने जैसी कई घटनाओं को अंजाम दिया था। ओरमांझी में लूट के दौरान दुकानदार को चाकू मारकर घायल भी किया गया था। इसके बाद अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष जांच दल का गठन किया गया था। ग्रामीण एसपी प्रवीण पुष्कर और सिटी एसपी के नेतृत्व में कार्रवाई करते हुए पूरे गिरोह का पर्दाफाश किया। पूछताछ में तल्हा ने कई घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।

