RANCHI: रांची नगर निगम शहर को सुव्यवस्थित और स्वच्छ बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है। इस कड़ी में निगम द्वारा विभिन्न क्षेत्रों मंं वेंडर मार्केट का निर्माण कराया गया है, ताकि शहर के वेंडर्स को सुरक्षित और व्यवस्थित स्थान मिल सके। साथ ही अन्य क्षेत्रों में भी वेंडर्स के पुनर्व्यवस्थापन को प्राथमिकता दी जा रही है। कचहरी चौक के पास स्थित अटल स्मृति वेंडर मार्केट में नाली जाम और ओवरफ्लो की समस्या सामने आने पर नगर आयुक्त ने त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। स्वच्छता शाखा की टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का निरीक्षण किया और समस्या का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान बताया गया कि नाली की सफाई हर तीन दिनों में कराई जा रही है, ताकि वेंडर्स को असुविधा न हो।
स्वच्छता टीम ने समस्या के स्थायी समाधान के लिए विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर नगर आयुक्त को सौंपी। इसके बाद इंजीनियरिंग शाखा को निर्देश दिया गया कि जल्द ही ऐसा लेआउट प्लान तैयार किया जाए, जिससे आंतरिक नालियों को मुख्य सड़क की नालियों से जोड़ा जा सके। साथ ही प्रतिदिन व्यापक सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
चलाया गया विशेष अभियान
वहीं शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए निगम की इंफोर्समेंट टीम ने पिस्का मोड़ से ओटीसी ग्राउंड तक विशेष अभियान चलाया। इस दौरान सड़कों और सार्वजनिक स्थलों पर अवैध रूप से लगे ठेला, गुमटी और दुकानों को हटाया गया। कार्रवाई के दौरान 2 ठेला और 1 गुमटी जब्त की गई। अधिकारियों ने अतिक्रमणकारियों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि दोबारा अतिक्रमण करने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही लोगों से अपील की गई है कि वे नियमों का पालन करें और शहर को स्वच्छ व व्यवस्थित बनाए रखने में सहयोग करें।

